छत्तीसगढ़ आयुष्मान योजना

गंभीर बीमारी का इलाज किसी भी परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है। खासकर आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों को अस्पताल के खर्च की चिंता सताती है। ऐसे में छत्तीसगढ़ आयुष्मान योजना प्रदेश के लाखों परिवारों के लिए राहत का माध्यम बन रही है। केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के समन्वय से पात्र हितग्राहियों को कैशलेस उपचार और गंभीर बीमारियों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

राज्य में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के रूप में लागू किया गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी जरूरतमंद का इलाज न रुके।

2 करोड़ 49 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी

छत्तीसगढ़ में आयुष्मान कार्ड बनाने के अभियान ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य में निर्धारित 2 करोड़ 71 लाख 11 हजार 762 कार्ड के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 2 करोड़ 49 लाख 18 हजार 115 कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह कुल लक्ष्य का 91.9 प्रतिशत है।

सूरजपुर जिले ने 21 लाख 93 हजार 647 आयुष्मान कार्ड बनाकर 97 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है और प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।

दूरस्थ वनांचल और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी कार्ड निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। नियद नेल्ला-नार 2.0 के अंतर्गत संबंधित क्षेत्रों में लगभग 93 प्रतिशत राशन कार्डधारी हितग्राहियों के कार्ड बनाए जा चुके हैं।

पात्र परिवारों को मिलता है निःशुल्क स्वास्थ्य उपचार

छत्तीसगढ़ आयुष्मान योजना के तहत पात्र परिवारों को उनकी श्रेणी के अनुसार स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलता है।

  • अंत्योदय और प्राथमिकता राशन कार्डधारी पात्र परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर।
  • केंद्रीय सूची में शामिल पात्र परिवारों को निर्धारित नियमों के अनुसार उपचार की सुविधा।
  • अन्य पात्र सामान्य राशन कार्डधारी परिवारों को राज्य योजना के तहत 50 हजार रुपये तक की चिकित्सा सहायता।

पात्र हितग्राही पंजीकृत सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज करा सकते हैं। इससे अस्पताल में भर्ती होने, जांच और उपचार के दौरान परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम करने में मदद मिलती है।

गंभीर बीमारियों के लिए 25 लाख रुपये तक की सहायता

कुछ बीमारियों का उपचार अत्यधिक महंगा होता है और सामान्य स्वास्थ्य बीमा कवर से अधिक खर्च की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे मरीजों के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

इस योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को गंभीर और दुर्लभ बीमारियों के उपचार के लिए अधिकतम 25 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान है।

इसमें कैंसर, हृदय रोग, किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट, बोन मैरो ट्रांसप्लांट, कोक्लियर इम्प्लांट तथा दुर्लभ आनुवंशिक बीमारियों जैसी चिकित्सा प्रक्रियाएं शामिल हैं।

जनवरी 2024 से अब तक 3,281 हितग्राहियों के लिए कुल 203.07 करोड़ रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इनमें कैंसर उपचार के 2,476 मामलों के लिए 115.48 करोड़ रुपये और बोन मैरो ट्रांसप्लांट के 205 मामलों के लिए 27.06 करोड़ रुपये की सहायता शामिल है।

70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख का स्वास्थ्य कवर

आयुष्मान वय वंदना कार्ड के माध्यम से 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें आय और सामाजिक स्थिति की बाध्यता नहीं है।

योजना के अंतर्गत पहले से मौजूद बीमारियों का उपचार भी कार्ड बनने के पहले दिन से कवर होता है। अस्पताल में भर्ती होने से पहले की जांच, दवाइयां और डिस्चार्ज के बाद निर्धारित फॉलो-अप खर्च भी उपचार पैकेज में शामिल हो सकते हैं।

राज्य में अब तक 6 लाख 23 हजार 220 आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाए गए हैं। बस्तर जिले ने 89.8 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।

ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सुविधाएं

छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर विकसित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर प्राथमिक उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और मधुमेह तथा उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की नियमित जांच की सुविधा दी जा रही है।

दूरस्थ क्षेत्रों के पात्र नागरिक भी पंजीकृत अस्पतालों में कैंसर, हृदय रोग, किडनी संबंधी समस्याओं और अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार का लाभ उठा सकते हैं। इससे बड़े शहरों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने में मदद मिल रही है।

आयुष्मान कार्ड कैसे बनवाएं?

छत्तीसगढ़ आयुष्मान योजना का कार्ड ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बनवाया जा सकता है।

ऑनलाइन प्रक्रिया:

  1. आधिकारिक पोर्टल beneficiary.nha.gov.in पर जाएं।
  2. Ayushman App के माध्यम से भी कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू करें।
  3. आधार और राशन कार्ड से संबंधित जानकारी दर्ज करें।
  4. निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ई-KYC पूरा करें।
  5. पात्रता सत्यापन के बाद कार्ड डाउनलोड करें।

ऑफलाइन प्रक्रिया:

नजदीकी चॉइस सेंटर (CSC), लोक सेवा केंद्र या पंजीकृत सरकारी एवं निजी अस्पताल में आयुष्मान मित्र से संपर्क कर कार्ड बनवाया जा सकता है।

सहायता और शिकायत के लिए हेल्पलाइन:

  • राज्य हेल्पलाइन: 104
  • राष्ट्रीय टोल-फ्री नंबर: 14555

स्वास्थ्य सुरक्षा से मजबूत हो रहा छत्तीसगढ़

आयुष्मान कार्ड के माध्यम से प्रदेश के लाखों परिवारों को उपचार संबंधी आर्थिक राहत मिल रही है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और अस्पतालों में उपचार प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास जरूरी हैं।

छत्तीसगढ़ आयुष्मान योजना स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बीमारी के समय आर्थिक सुरक्षा देना और एक स्वस्थ, सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान करना है।

यह भी पढ़ें: जशपुर सड़क निर्माण परियोजनाएं तेज करने के निर्देश, काम की समीक्षा