छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित पारस पोर्टल समीक्षा बैठक में प्रदेश की प्रमुख शासकीय योजनाओं और विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को पिछली बैठक के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
पारस पोर्टल समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने धान खरीदी में किसानों के रकबे में कमी से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया। उन्होंने सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया कि ऐसी शिकायत मिलने पर वे स्वयं जांच करें और जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जल जीवन मिशन और अमृत 2.0 के कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन को जनहित की महत्वपूर्ण योजना बताते हुए इसके कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने कलेक्टरों को नियमित मासिक समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन ठेकेदारों ने कार्य पूर्ण कर लिया है, उनका भुगतान समय पर किया जाए। बेहतर काम करने वाले ठेकेदारों को प्रोत्साहित किया जाए, जबकि लापरवाही करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई हो।
अमृत 2.0 के तहत नगरीय क्षेत्रों में जल प्रदाय और सीवेज परियोजनाओं को भी तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
घरों तक पीएनजी पहुंचाने की प्रक्रिया में आएगी तेजी
सिटी गैस वितरण योजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक गैस पहुंचाने के कार्यों में तेजी लाने को कहा। रायपुर और बिलासपुर जैसे जिलों में हो रही प्रगति की सराहना करते हुए उन्होंने कम प्रगति वाले जिलों के कलेक्टरों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों को पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की किफायत, सुरक्षा और उपयोगिता के बारे में जागरूक किया जाए। इसके साथ ही जनजातीय छात्रावासों, विद्यालयों की सामुदायिक रसोई, सर्किट हाउस और अन्य सरकारी संस्थानों में भी पीएनजी के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए।
विकास परियोजनाओं की वन स्वीकृतियों का जल्द होगा निराकरण
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वन स्वीकृति से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आगामी बैठक से पहले आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जहां जरूरत हो, वहां प्रस्ताव राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड को भेजकर नियमानुसार प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए, ताकि विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी न हो।
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सुधारों का लाभ उद्यमियों तक पहुंचाए
बैठक में उद्योग विभाग की ओर से बताया गया कि प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए 700 सुधार निर्धारित किए गए हैं। इनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी 25 विभागों को सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि उद्योग और व्यवसाय से जुड़े लोगों को इन सुधारों की जानकारी दी जाए। साथ ही इनके प्रभाव और परिणामों का नियमित मूल्यांकन किया जाए, ताकि राज्य में कारोबार और निवेश के लिए बेहतर वातावरण तैयार हो सके।
सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन का प्रचार-प्रसार बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु और सीएम हेल्पलाइन के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सरकारी सेवाओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इन सुविधाओं के माध्यम से लोगों को घर बैठे सेवाओं का लाभ और समस्याओं का समाधान मिलना चाहिए।
पारस पोर्टल समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को महत्वपूर्ण योजनाओं और मिशनों को समय-सीमा (टीएल) की बैठकों में शामिल करने तथा उनकी नियमित समीक्षा करने के लिए कहा। उन्होंने अधिकारियों से जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचाने की अपेक्षा जताई।
बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ आयुष्मान योजना बनी गरीब परिवारों का मजबूत सुरक्षा कवच