नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर नया मुकाम हासिल किया है। दिव्यांगजनों के कल्याण में उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को तीन राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा गया है। अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को ये अवार्ड दिया। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेड़िया ने राष्ट्रपति के हाथों ये पुरस्कार ग्रहण किए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए सभी श्रेणियों के विजेताओं को बधाई देते हुए आगे भी दिव्यांगजनों के हित में श्रेष्ठ कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दी है।

दिव्यांगजनों को स्वरोजगार के लिए सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता और प्लेसमेंट अधिकारी/एजेंसी की श्रेणी में निजी या गैर-सरकारी संगठन या कार्यालय के लिए समता कॉलोनी रायपुर के नुक्कड़ टी कैफे वेंचर्स एलएलपी को सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता के रूप में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

ब्रेल प्रेस बिलासपुर को मिला नेशनल अवार्ड

दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों को ब्रेल लिपि में पाठ्य पुस्तक, साहित्य और ज्ञानवर्धक पुस्तकों के साथ ही सुगम्य पुस्तकालय अंतर्गत ई-पुस्तकालय में ऑनलाइन शिक्षण में उल्लेखनीय कार्य के लिए ब्रेल प्रेस बिलासपुर को नेशनल अवार्ड मिला है। ब्रेल प्रेस की दृष्टिहीनों के लिए ऑनलाइन पुस्तकालय की सुविधा से विद्यार्थियों को कोरोना काल में बहुत मदद मिली है।

नवा रायपुर को भी मिला राष्ट्रीय पुरस्कार


नवा रायपुर अटल नगर में दिव्यांगजनों के लिए सड़क, भवन, सार्वजनिक स्थल तथा अन्य स्थानों पर बाधारहित वातावरण निर्माण करने, दिव्यांगजनों के लिए शौचालय निर्माण आदि कार्यों के लिए नवा रायपुर अटल नगर को राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया है। साथ ही समता कॉलोनी रायपुर में नुक्कड़ टी कैफे वेंचर्स, एल.एल.पी. द्वारा श्रवण बाधित दिव्यांग व्यक्तियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए नुक्कड़ टी कैफे का संचालन कुशलतापूर्वक किया जा रहा है। समाज में दिव्यांग व्यक्तियों के प्रति सकारात्मक वातावरण के दिशा में उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें भी राष्ट्रीय पुरस्कार पुरस्कार प्रदान किया गया।