नई दिल्ली: जगदीश ठाकोर को गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। ये फैसला कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लिया है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से एक साल पहले यह बदलाव किया गया है।इसी साल 2 मार्च को गुजरात के निकाय चुनावों के नतीजे आए थे। इसमें भाजपा को 2,000 से ज्यादा सीटें हासिल हुई थीं, जबकि कांग्रेस महज 600 सीट पर ही जीत हासिल कर पाई थी। करारी हार के बाद से प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष की तलाश थी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ बुधवार को गुजरात कांग्रेस प्रभारी व पूर्व मंत्री रघु शर्मा ने मुलाकात कर गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष व नेता विपक्ष के पदों पर नियुक्ति के मामले में चर्चा की। कांग्रेस ने गुजरात में अपने ओबीसी मत बैंक को साधने के लिए इस बार अध्यक्ष पद की कमान ठाकोर नेता व पूर्व सांसद जगदीश ठाकोर को सौंपने का फैसला किया है।
राज्य में फरवरी-मार्च 2021 को हुए पंचायत व पालिका चुनावों में कांग्रेस की करारी हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा व नेता विपक्ष परेश धनाणी ने इस्तीफा दे दिया था। इसके तुरंत बाद ही प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव सातव का निधन हो गया था। बीते माह प्रदेश कांग्रेस प्रभारी की नियुक्ति की गई थी। अब इन दो पदों के नाम की घोषणा होगी। माना जा रहा है कि हार्दिक पटेल के अलावा तीन नए कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। सौराष्ट्र, दक्षिण गुजरात के नेताओं को इसकी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि पार्टी के पदाधिकारियों में शक्ति संतुलन के साथ जातिगत समीकरण भी साधे जा सकें। इस रेस में पाटीदार समुदाय के नेता हार्दिक पटेल को भी माना जा रहा था, लेकिन लीडरशिप ने जगदीश ठाकोर पर दांव लगाया है।


jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
