छत्तीसगढ़ में कॉलेज और विश्वविद्यालयों की शिक्षा को अधिक प्रभावी, तकनीक आधारित और रोजगार से जुड़ा बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें विभिन्न योजनाओं और शैक्षणिक विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल डिग्री ही नहीं, बल्कि ऐसा ज्ञान और कौशल भी मिलना चाहिए, जिससे वे रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। उन्होंने जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं पहुंचाने पर भी जोर दिया।
छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा सुधार के तहत राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को प्रभावी ढंग से लागू करने, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और महाविद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बेहतर बनाने की योजनाओं की समीक्षा की गई।
30 कॉलेजों में विकसित होंगी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं
राज्य के 30 महाविद्यालयों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए चयनित किया गया है। इन कॉलेजों में आधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लासरूम और उन्नत पुस्तकालय तैयार किए जाएंगे।
विद्यार्थियों को कौशल प्रशिक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और प्लेसमेंट संबंधी सहायता उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जाएगा। मौजूदा बजट में प्रत्येक महाविद्यालय के लिए आधुनिक उपकरण, सामग्री और सम्मेलन संबंधी गतिविधियों हेतु 3 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा आगामी दो वर्षों में डिजिटलीकरण और निर्माण कार्यों के लिए प्रति महाविद्यालय 10 करोड़ रुपये की मांग प्रस्तावित है।
उच्च शिक्षा मिशन के लिए 50 करोड़ रुपये आवंटित
वित्तीय वर्ष 2026-27 में छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा मिशन के लिए 50 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। मिशन के माध्यम से उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने और शिक्षा व्यवस्था को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विकसित करने की योजना है।
प्रदेश में वर्तमान सकल नामांकन अनुपात 24.5 प्रतिशत है। इसे वर्ष 2035 तक 50 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए अध्ययन-अध्यापन, सूचना प्रौद्योगिकी, क्षमता विकास, करियर मार्गदर्शन और शैक्षणिक अधोसंरचना को मजबूत किया जाएगा।
1.40 लाख विद्यार्थियों को इंटर्नशिप का अवसर
राज्य में स्नातक विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव देने के लिए इंटर्नशिप संचालन नीति-2026 तैयार की गई है, जिसे राज्यपाल की स्वीकृति मिल चुकी है।
इस नीति के तहत करीब 1.40 लाख विद्यार्थियों को 60 घंटे की अनिवार्य इंटर्नशिप से जोड़ने की तैयारी है। इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को उद्योगों, कॉर्पोरेट संस्थानों, शैक्षणिक परियोजनाओं और सामुदायिक संगठनों में काम सीखने का अवसर मिलेगा।
विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में इंटर्नशिप सेल बनाए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को उपयुक्त संस्थानों से जोड़ने और कार्यानुभव प्राप्त करने में सहायता मिल सके।
जनजातीय कॉलेजों में अंग्रेजी और एआई प्रशिक्षण
जनजातीय क्षेत्रों के 148 शासकीय महाविद्यालयों में कम्युनिकेटिव इंग्लिश पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसमें 10 हजार विद्यार्थी नामांकित हैं। 90 घंटे के इस प्रशिक्षण से विद्यार्थियों की अंग्रेजी संवाद क्षमता, विचार अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसके साथ ही उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए Google for Education के साथ सहयोग किया गया है। रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक प्राध्यापकों को एआई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया है।
आगामी चरण में शासकीय और निजी महाविद्यालयों के शिक्षकों के लिए 10 अतिरिक्त निःशुल्क ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। एआई का उपयोग अध्ययन सामग्री, पाठ योजना, मूल्यांकन और अनुसंधान में किया जाएगा।
1295 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया और प्रस्ताव
उच्च शिक्षा विभाग में शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्राध्यापक के 595 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया लोक सेवा आयोग में जारी है।
इसके अतिरिक्त सहायक प्राध्यापक के 625 पदों, ग्रंथपाल के 50 पदों और क्रीड़ा अधिकारियों के 25 पदों सहित कुल 700 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव आयोग को भेजा गया है। इस प्रकार प्राध्यापक और अन्य शैक्षणिक पदों को मिलाकर 1295 पदों पर भर्ती की पहल की गई है।
बैठक में यह भी बताया गया कि 362 सहायक प्राध्यापकों को प्राध्यापक पद पर पदोन्नति दी गई है। दिसंबर में 143 पात्र सहायक प्राध्यापकों की पदोन्नति का प्रस्ताव भेजने की तैयारी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 3236 अतिथि व्याख्याताओं की व्यवस्था की गई है।
विश्वविद्यालयों में नए विभाग और पाठ्यक्रम शुरू होंगे
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर में 23 नए विभागों और पाठ्यक्रमों की स्थापना के लिए 280 शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों के सृजन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए 38.50 करोड़ रुपये की राशि प्रस्तावित है।
शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ में 49 नए शैक्षणिक पदों तथा संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा में बी.फार्मा और एम.फार्मा पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए 49 पदों के सृजन का प्रस्ताव है। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में भी 17 नए शैक्षणिक पदों की स्वीकृति मांगी गई है।