रायपुर, 25 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सातवें मुकाबले में मैनपाट टाइटन्स ने राजधानी रॉयल्स को 5-2 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया। प्रदीप मोर की अगुवाई वाली टीम ने अहम मौकों पर गोल दागकर मुकाबले में अपनी पकड़ बनाए रखी।
मैच देखने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव, सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा और पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नीता डूमरे भी पहुंचे। उन्होंने मुकाबले के बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।
मनीष वट्टी और संदीप ठाकुर ने दिलाई बढ़त
शुरुआती क्वार्टर में दोनों टीमें मिडफील्ड में गेंद पर नियंत्रण बनाने की कोशिश करती रहीं। क्वार्टर के अंतिम हिस्से में मनीष वट्टी ने गोल कर मैनपाट टाइटन्स को बढ़त दिलाई। इसके बाद राजधानी रॉयल्स के अनिकेत ने गोल करके स्कोर बराबर कर दिया।
मैनपाट की ओर से संदीप ठाकुर ने शानदार मौका भुनाते हुए गोल किया और हाफ टाइम तक टीम को 2-1 से आगे कर दिया। इसके बाद रोशन ने बेहतरीन मूव को गोल में बदलकर मुकाबले का रोमांच बढ़ाया, जबकि मोहित नायक ने रिवर्स फ्लिक से टीम की बढ़त मजबूत की।
राजधानी रॉयल्स पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाने में नाकाम
मुकाबले के आगे बढ़ने के साथ मैनपाट टाइटन्स ने आक्रामक खेल जारी रखा। प्रिंस के गोल से टीम की बढ़त और बढ़ गई। दूसरी ओर, राजधानी रॉयल्स को पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम उन्हें गोल में नहीं बदल सकी।
लगातार दबाव बनाने के बावजूद रॉयल्स प्रभावी वापसी नहीं कर पाए। आखिरकार मैनपाट टाइटन्स ने 5-2 से मुकाबला अपने नाम किया। मैच के बाद मोहित नायक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ चुना गया।
न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हराया
एक अन्य मुकाबले में न्यायधानी नाइट्स ने बैलाडीला बुल्स को 4-1 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ न्यायधानी नाइट्स ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। टीम ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है।
न्यायधानी नाइट्स की ओर से ड्रैग-फ्लिकर चिराग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई। बैलाडीला बुल्स के लिए जसकरण सिंह ने एकमात्र गोल किया। चिराग को उनके प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ चुना गया।
अगले मुकाबलों पर रहेंगी नजरें
26 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स का मुकाबला बैलाडीला बुल्स से होगा। वहीं, दूसरे मैच में चक्रधर चैंपियंस की भिड़ंत मैनपाट टाइटन्स से होगी। इन मुकाबलों से अंक तालिका और सेमीफाइनल की दौड़ की तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।