रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरूवार को बिलासपुर जिले के कोटा तहसील अंतर्गत केंदाघाट में हुई बस दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन बिलासपुर को बस दुर्घटना के घायलों को तत्काल राहत पहुंचाने और बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

बता दे कि अमरकंटक से राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ ठेलकाडीह आ रही बाल्वो की बस केंदाघाट में दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। लोगों ने एक दूसरे की मदद की। इस बीच आसपास के ग्रामीण भी पहुंच गए। घटना में घायल 37 लोगों को अलग-अगल वाहनों से केंदा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। 10 गंभीर रूप से घायल हुए ,इस बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे।

घाटी में अचानक बस अनियंत्रित होने से हुआ हादसा

राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ अंतर्गत ग्राम मदनपुर के ग्रामीण मध्य प्रदेश के अमरकंटक में नर्मदा दर्शन के लिए आए थे। नर्मदा दर्शन के बाद ग्रामीण अपने गांव लौट रहे थे। तीर्थ यात्रियों की बस गुस्र्वार की दोपहर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कारीआम घाटी के पास पहुंची। घाटी में अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई।