रायपुर। अगर हौसला बुलंद हो तो सब कुछ हासिल किया जा सकता है। कुछ ऐसी ही कहानी है कोंडागांव जिले के ग्राम पंचायत आलोर की रहने वाली सोमारी मरकाम की। सोमारी को नीयती ने कद तो छोटा दिया, लेकिन हौसले बुलंद दिए। बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बस्तर प्रवास के दौरान सोमारी उनसे मुलाकात करने जगदलपुर आई थी, इस दौरान सीएम ने सोमारी के काम की जमकर तारीफ करते हुए उसे नया मोबाइल सेट भी भेंट किया। सोमारी ने मुख्यमंत्री से कहा कि वह उनके साथ सेल्फी लेना चाहती हैं। इस पर मुख्यमंत्री तुरंत राजी हो गए और खुद मोबाइल हाथ में लेकर सोमारी के साथ सेल्फी ली।
रोजगार गारंटी के तहत मिली नई दिशा
सोमारी को अपने छोटे कद के कारण रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था। हायर सेकंडरी की परीक्षा पास होने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए के उनका छोटा कद आड़े आ रहा था। उनके परिवार में मां और पिता के अलावा एक भाई भी है। उनका परिवार गरीबी रेखा के नीचे गुजारा करता है। सोमारी चाहती थी कि कोई नौकरी मिल जाती तो वह आपनी आगे की पढ़ाई जारी रखती। पूरे छत्तीसगढ़ की तरह कोंडागांव जिले के गांवों में भी रोजगार गारंटी योजना के तहत खुले कामों ने उन्हें राह दिखाई। सोमारी ने रोजगार सहायक से संपर्क किया और मेट बन गई। वो हर सुबह 5 बजे से अपने काम में जुट जाती है। कार्यस्थल पर गोदी की मार्किंग करने से लेकर खुदाई कराने, पंजी का संधारण करने, जॉब कार्ड अपडेट करने, मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन मास्टर रोल भरने की जिम्मेदारी वह निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने की उज्ज्वल भविष्य की कामना
मन मुताबिक काम और समय पर काम का भुगतान मिलने से गांव के लोग भी सोमारी से खुश हैं। सोमारी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसे अपना काम बहुत पसंद है। अब स्वाध्ययन के जरिये वह कॉलेज की पढ़ाई करने की अपनी इच्छा भी पूरी कर रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हम सोमारी के उज्जवल भविष्य और प्रगति के लिए प्रतिबद्ध हैं।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
