रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 18 नवंबर को दुर्ग जिले में 177 करोड़ रुपये की लागत वाले विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। लोकार्पण एवं भूमिपूजन का ये कार्यक्रम दुर्ग जिले के नगर निगम भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली और जामुल नगर पालिका क्षेत्र में होगा। मुख्यमंत्री भिलाई नगर निगम क्षेत्र में 104 करोड़ रुपये के विकासकार्यों की सौगात देंगे। भिलाई-चरौदा निगम में 40 करोड़ रुपये की राशि के निर्माण कार्यों की सौगात और रिसाली निगम में 27 करोड़ रुपये की राशि के कार्यों का लोकार्पण भूमिपूजन होगा। जामुल में 5 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण और 1.91 करोड़ के विकासकार्यों का भूमिपूजन होगा।

स्व-सहायता समूहों को दी जाएगी 30 लाख रुपये की राशि


भिलाई निगम में 25 स्वसहायता समूहों को 30 लाख रुपये की राशि का चेक वितरित किया जाएगा। श्रम पदाधिकारी ने बताया कि इस अवसर पर 143 श्रमिकों के परिजनों को चेक भी बांटे जाएंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भी इसी तरह से हितग्राहियों को सामग्री वितरित की जाएगी। इसके अलावा मछली बीज और जाल आदि का वितरण भी किया जाएगा।

कैनाल रोड का लोकार्पण


मुख्यमंत्री इस अवसर पर 28 करोड़ रुपये की लागत से बने कैनाल रोड का लोकार्पण भी करेंगे। इसके अलावा अधोसंरचना के कार्यों सहित चौदहवें वित्त की राशि से कराए गए कार्यों का लोकार्पण भी होगा। इसके अलावा सीएम सुरडुंग जलाशय के शीर्ष और नहर की रिमाडलिंग एवं लाइनिंग कार्य का भूमिपूजन भी करेंगे। क्षतिग्रस्त हो जाने की वजह से जलाशय की क्षमता का पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा है। कार्य पूरा होने पर 100 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की जा सकेगी। इस तरह लगभग 62 हेक्टेयर के अतिरिक्त रकबे में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हो पाएगा।