रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं की यह मुलाकात चित्रकूट में होगी। यहां रामघाट पर प्रियंका गांधी महिलाओं और लड़कियों से उनके मुद्दों पर बातचीत करेंगी। इस दौरान दोनों कामदगिरी पर्वत की परिक्रमा और स्थानीय मंदिरों के दर्शन भी केरेंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोपहर तीन बजे बांदा से चित्रकूट के मध्य प्रदेश वाले हिस्से में पहुंचेंगे। वहीं प्रियंका गांधी प्रयाग से सड़क मार्ग से होते हुए चित्रकूट के रामघाट पहुंचेंगी। यहां कांग्रेस के लड़की हूं, लड़ सकती हूं अभियान के तहत एक सभा आयोजित की जाएगी। इसके लिए मंदाकिनी नदी के रामघाट पर मंच की व्यवस्था की गई है। बाद में दोनों नेता कामदगिरी भगवान के दर्शन-पूजन के लिए मंदिर जाएंगे।

कामना पूर्ण करने वाला है कामदगिरी पर्वत

पांच किलोमीटर के इस परिक्रमा परिपथ में ही चित्रकूट के सभी प्रमुख मंदिर आते हैं। माना जाता है कि कामदगिरी पर्वत की परिक्रमा सभी कामनाओं को पूरा करने वाला है। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से खजुराहो पहुंचेंगे। वहां से विशेष विमान से देर शाम तक रायपुर आएंगे। मुख्यमंत्री की यह उत्तर प्रदेश यात्रा मंगलवार से शुरू हुई है।

बुंदेलखंड की 19 सीटों पर नजर

उत्तर प्रदेश की राजनीति में पूर्वांचल और बुंदेलखंड का इलाका खास मायने रखता है। ऐसे में कांग्रेस का जोर पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ बुंदेलखंड पर भी है। इस अंचल के 7 जिलों झांसी, जालौन, ललितपुर, बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट और महोबा में विधानसभा की 19 सीटें हैं। फिलहाल सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा है। लोकसभा की चार सीटों पर भी भाजपा काबिज है। ऐसे में राजनीतिक दृष्टि से इस पथरीली जमीन पर कांग्रेस को लीड दिलाने के लिए रणनीतिकार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते।