रायपुर। स्वास्थ्य विभाग मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना को छोटे शहरों और कस्बों तक पहुंचाने की प्लानिंग कर रहा है। इसके तहत झुग्गी बस्तियों में ही कैंप लगाकर लोगों की मुफ्त जांच और उनका इलाज किया जाएगा। ये कैंप सर्व सुविधायुक्त गाड़ियों के जरिए लगाया जाता है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस योजना के लिए 75 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। अब जिलेवार एजेंसी चुनकर इस योजना को अपने यहां लागू कराना है।

विभाग का कहना है कि योजना के संचालन में अगर ज्यादा राशि खर्च होती है तो दूसरी योजनाओं की बचत से इसका संचालन किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक राज्योत्सव के दिन कुछ नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में इसकी औपचारिक शुरुआत की जा सकती है। प्रदेश में इस योजना की शुरुआत नवंबर 2020 में राज्योत्सव के दिन ही हुई थी। अभी तक ये योजना राज्य के सभी 14 नगर निगमों में चलाई जा रही थी। इसमें 9 लाख से ज्यादा लोगों का इलाज किया जा चुका है।

60 मोबाइल मेडिकल यूनिट्स का संचालन

इस योजना के तहत इस समय 14 नगर निगम क्षेत्रों में 60 मोबाइल मेडिकल यूनिट का संचालन किया जा रहा है। इनमें रायपुर में 15, कोरबा में 8, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, रायगढ़, जगदलपुर, अम्बिकापुर में 4-4, भिलाई में 3 और रिसाली, भिलाई चरोदा, धमतरी, बिरगांव और चिरमिरी में 2-2 मोबाइल मेडिकल यूनिट तैनात है।