रायपुर। गांधी जी के सपनों के अनुरूप छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए चलाई जा रही सुराजी गांव योजना के गरवा घटक के अंतर्गत पारागांव में बनाए गए गौठान का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज सचिन राव के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने स्व-सहायता समूहों द्वारा गौठानों में स्थापित किए गए रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में संचालित आर्थिक गतिविधियों का जायजा लिया।
पारागांव के गौठान में निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री बघेल और राव ने महिला समूहों द्वारा किए जा रहे मुर्गी पालन, बकरी पालन, सब्जी उत्पादन, चारागाह विकास, साबुन और फिनाइल निर्माण, मिट्टी के सजावटी समान और दिया निर्माण की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने महिला समूहों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से पारागांव गौठान समिति की महिलाओं ने चर्चा करते हुए बताया कि यहां 5 स्व-सहायता समूह कार्यरत हैं, जिसमें 3 समूह बाड़ी विकास, एक समूह कुक्कुट पालन और एक समूह बकरी पालन का कार्य कर रही है।
महिलाओं को मिल रहा लाभ
जय मां गंगा समूह की सदस्य मिथिला निषाद ने बताया कि उनके समूह को बाड़ी विकास कार्यक्रम के लिए शासन द्वारा 3 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है, जिसमें समूह के सदस्यों के द्वारा कददू, भिन्डी, बरबट्टी, लौकी और सेमी की सब्जियां लगायी गई है। उन्होंने बताया कि 35 हजार की लागत में उन्हें लगभग 75 हजार रुपये का लाभ हुआ है। बाड़ी विकास के साथ ही 2 एकड़ जमीन पर समूह की सदस्यों द्वारा गोधन के लिए हरा चारा नेपियर घास का भी उत्पादन किया जा रहा है। हरा चारा का गौठान में उपयोग के बाद अन्य समूहों को बेचकर समूह की महिलाओं ने लगभग 56 हजार रुपए का लाभ कमाया।
मुख्यमंत्री को गोबर के पाउडर से बने दिये, गमले और अन्य कलाकृतियां दिखाई
निरीक्षण के दौरान दुर्गा स्व सहायता समूह की महिलाओं ने मुख्यमंत्री को गोबर के पाउडर से बने दिये, गमले एवं अन्य कलाकृतियां दिखाई। समूह की महिलाओं ने बताया कि दीपावली पर्व के लिए 10 हजार दिये बनाने का ऑर्डर मिला है। महिला सदस्यों ने बताया कि एक सदस्य के द्वारा एक दिन में लगभग 500 दिये बनाये जाते हैं, जिसका मूल्य ढाई रुपये प्रति नग तय किया गया है। समूह की महिलाओं ने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही रोजगारपरक योजनाओ से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही है।
सचिन को बताई वर्मी कंपोस्ट बनाने की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने सचिन राव को वर्मी कम्पोस्ट बनाने की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए बताया कि समूह की सदस्यों के द्वारा पशुपालकों से 2 रुपये प्रति किलो की दर से गोबर खरीदी की जाती है, जिससे 50 से 60 दिन में वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर लिया जाता है, जो किसानों को समूह के द्वारा 10 रुपये प्रति किलोग्राम के दर से उपलब्ध कराया जाता है।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
