• सीएम ने कहा- पीएमओ जो कहेगा चुनाव आयोग वही करेगा

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भारत निर्वाचन आयोग की विश्वसनियता पे सवाल उठाया है। उन्होंने यूपी विधानसभा चुनाव को टालने को लेकर निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सीएम ने कहा है कि हार के डर के कारण बीजेपी ओमिक्रॉन के बहाने यूपी विधानसभा चुनाव को टालना चाहती है।

दरअसल कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के चलते 2022 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को टालने पर विचार किया जा रहा है। इसे लेकर सीएम भूपेश बघेल ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि जब देश में कोरोना विकराल रूप ले रहा था, स्थिति भयावह थी तब भी लोगों की परवाह किए बिना वहां चुनाव कराया गया। लेकिन आज देश में ओमिक्रॉन के मामले कम है तब भी बीजेपी चुनाव आयोग के सहारे चुनाव को टालना चाहती है।

ये भी पढ़ें: यूपी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर प्रियंका गांधी से मिले सीएम बघेल

पीएमओ जो कहेगा आयोग वही करेगा

भूपेश बघेल ने चुनाव आयोग को निशाने पर लेते हुए कहा कि आयोग के अधिकारियों को प्रधानमंत्री के कार्यालय में बैठक के लिए बुलाया जाता है, जो निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि पीएमओ से जो भी आदेश आएगा चुनाव आयोग वही करेगा। बता दें कि भारत में कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के होने की आशंका जताई जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक देश में अब तक 653 मामले सामने आ गए हैं।