चंद्रगुप्त-सिकंदर युद्ध का विवादास्पद बयान को लेकर पलटवार
रायपुर। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य और सिकंदर के बीच युद्ध पर दिए बयान पर विपक्ष हमलावर है। योगी आदित्यनाथ ने एक भाषण में कहा था कि चंद्रगुप्त मौर्य ने सिकंदर को युद्ध में हराया। इसके बाद भी इतिहासकार चंद्रगुप्त को महान न बताकर सिकंदर को महान लिखते हैं। अब मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने योगी को सलाह दी है कि वे इतिहास और भूगोल मोदी जी से न पढ़ें।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मंगलवार को रायपुर हवाई अड्‌डे पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। योगी आदित्यनाथ के बयान से जुड़े सवाल पर दिग्विजय सिंह ने दो टूक कहा, इतिहास और भूगोल, महंत अदित्यनाथ जी कृपया मोदी जी से न पढ़ें। राज्य के मंत्रियों से केंद्रीय मंत्रियों के नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा, यह अहंकार में डूबी हुई सरकार है। जब अहंकार उस स्तर तक पहुंच जाता है तो उसका अंत निश्चित है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मंगलवार दोपहर रायपुर पहुंचे। वे सीधे खैरागढ़ रवाना हो गए। वहां वे खैरागढ़ विधायक देवव्रत सिंह की तेरहवीं में शामिल होने आए हैं। रायपुर हवाई अड्‌डे पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा सहित कांग्रेस पदाधिकारियों और नेताओं ने दिग्विजय सिंह का स्वागत किया।

किसे मालुम था देवव्रत इतनी जल्दी चले जाएंगे


खैरागढ़ विधायक देवव्रत सिंह के निधन पर दु:ख जताते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, देवव्रत सिंह के देहांत की खबर सुनकर हम सब स्तब्ध रह गए। किसे मालूम था कि देवव्रत इतनी जल्दी चले जाएंगे। हमने तो उसे बच्चे के रूप में देखा है। हमारे यहां तो रिश्ता भी था। हमारे छोटे भाईसाहब का खैरागढ़ में ससुराल है।