रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दीवाली के अवसर पर कुम्हारों, स्व सहायता समूहों, छोटे कारीगरों से कोई भी कर या शुल्क नहीं लेने और उन्हें पूरा सहयोग करने समेत समस्त आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया है। बता दें कि इन लोगों द्वारा दीवाली के मौके पर विशेष रुप से तैयार की गई सामग्रियों की बिक्री के लिए स्टॉल, दुकानें लगाई जाती है।

कुम्हार द्वारा दीये, मूर्तियों, स्व-सहायता समूहों और छोटे कारीगरों द्वारा अनेक सजावटी सामग्री सहित अपने तैयार उत्पादों की बिक्री की जाती है। इन लोगों पर कोई आर्थिक बोझा न पड़े और वे लोग सुविधाजनक रूप से अपनी बनाई हुई चीजें बेच सकें इसके लिए मुख्यमंत्री ने इन लोगों को पूरा सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

सीएम की अपील

मुख्यमंत्री बघेल ने इसी कड़ी में आम जनता से भी यह अपील की है कि वे दीपावली के मौके पर स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार सामग्रियां खरीदकर उन्हें भी अपनी खुशियों में शामिल करने की पहल करें।