रायपुर। राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के नवनियुक्त संचालक राजेश सिंह राणा ने न्यू इंडिया लिटरेसी प्रोग्राम के तहत प्रदेश के एक तिहाई असाक्षरों को साक्षर करने के लिए विशेष कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्ययोजना के जरिए अंक ज्ञान के साथ असाक्षरों का कौशल विकास, जीवन कौशल, वित्तीय साक्षरता, कानूनी साक्षरता, डिजिटल साक्षरता, सतत शिक्षा और बुनियादी शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा।

असाक्षरों के लिए एक विशेष पाठ्यक्रम तैयार करने के लिए एससीआरटी में 28 अक्टूबर से कार्यशाला का आयोजन भी किया जा रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप अब प्रौढ़ शिक्षा के लिए स्टेट करिकुलम फ्रेमवर्क बनाया जाएगा। इसमें आगामी 10 साल की कार्य योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को पढ़ना-लिखना अभियान के अंतर्गत महापरीक्षा अभियान में शामिल करीब दो लाख शिक्षार्थियों के डाटा सीजी स्कूल डॉट इन पोर्टल में 3 दिन के भीतर अपलोड किए जाने का निर्देश दिया है।

एक हफ्ते में कार्यवाही के निर्देश

पढ़ना-लिखना अभियान के सफल शिक्षार्थियों को एनआईओएस नई दिल्ली द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इसके लिए एक हफ्ते के भीतर कार्यवाही करने के निर्देश राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अधिकारियों को दिए गए हैं।