रायपुर। मुंगेली जिले में जिला पंचायत सदस्य लैला ननकू भिखारी ने मुंगेली के जिला पंचायत सीईओ रोहित व्यास को मारने सैंडिल उठा ली। महिला ने अफसर पर जाति सूचक शब्द बोलने और गाली-गलौज करने का आरोप लगा रही है।
बताया जाता है कि जिला पंचायत सदस्य लैला ननकू भिखारी विकास राशि स्वीकृति के काम को लेकर जिला पंचायत सीईओ रोहित व्यास से मिलने उनके दफ्तर पहुंची थी। इस दौरान सीईओ के कक्ष में किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद जिला पंचायत सीईओ अपने कमरे के बाहर निकले। बाद में गुस्से में लैला ननकू ने आईएएस अफसर को मारने के लिए चप्पल उठा लिया। जिससे बचने के लिए रोहित व्यास पीछे हटे। इस दौरान रोहित अपने बचाव में एसपी को फोन लगाकर बुलाने की बात कहने लगे।

अफसर ने किया दुव्र्यवहार

जिले के पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि महिला जनप्रतिनिधि लैला ननकू भिखारी ने अपनी शिकायत में कहा है कि जब वह गुरुवार को अपने पति के साथ लंबित कार्य की स्वीकृति के लिए व्यास के कक्ष में पहुंची तब व्यास ने कथित रूप से उनके साथ दुव्र्यवहार किया। भिखारी ने अपनी शिकायत में कहा है कि अधिकारी ने जाति के आधार पर उनके साथ दुव्र्यवहार किया और उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करने की धमकी दी।

एक दूसरे के खिलाफ शिकायत

वहीं दूसरी ओर आईएएस अधिकारी ने भी महिला जनप्रतिनिधि के खिलाफ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। व्यास ने शिकायत में कहा है कि जब वह अपने कक्ष में थे तब भिखारी और उनके पति ने कथित तौर पर उन पर कार्यों को मंजूरी नहीं देने का आरोप लगाया था, जिसके बाद उन्होंने उन्हें स्थिति से अवगत कराया। अधिकारी ने कहा कि जब महिला आक्रामक हो गई तब वह अपने कक्ष से निकल गए लेकिन महिला ने उनका पीछा किया और उन्हें चप्पल से मारने का प्रयास किया। व्यास ने पुलिस अधीक्षक डीआर आंचला को सौंपी गई शिकायत में महिला और उनके पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।