राज्य सरकार ने रायपुर के सरकारी अस्पतालों में OPD (आउट पेशेंट डिपार्टमेंट) और IPD (इन पेशेंट डिपार्टमेंट) सुविधा को फ्री कर दिया है। अब आयुष्मान कार्ड या राशन कार्ड रखने वाले किसी व्यक्ति को इलाज के लिए 10 रुपए की पर्ची नहीं बनवानी पड़ेगी। मरीजों को अब केवल कुछ पैथोलॉजी जांच के लिए फीस देनी होगी।

अधिकारियों के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराकर किसी भी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में मुफ्त इलाज कराया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने रायपुर के शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में यह योजना पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की है। यदि सरकार का ये प्रयोग काम कर जाता है तो आने वाले दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसे लागू किया जाएगा। आगे भी इसे पूरे प्रदेश भर में लागू किया जा सकता है। फिलहाल शहरी क्षेत्र के 14 लाख से ज्यादा लोगों को इस योजना का फायदा मिल सकता है।

रायपुर के इन अस्पतालों में है ये सुविधा

डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल, जिला अस्पताल पंडरी, आयुर्वेदिक हॉस्पिटल, जच्चा-बच्चा केंद्र कालीबाड़ी, डीडी नगर, हीरापुर, गोगांव, भनपुरी, गुढ़ियारी, राजातालाब, मोवा, आमासिवनी, कचना, लाभांडी, बोरियाकला, देवपुरी, कांशीराम नगर, मठपुरैना, भाठागांव, चंगोराभाठा, खोखोपारा और रामनगर।

मोबाइल नंबर से उपलब्ध हो रही पर्ची

सरकारी अस्पतालों में ऑनलाइन पंजीयन प्रणाली ने काम करना शुरू कर दिया है। पहले से रजिस्टर्ड मरीजों का मोबाइल नंबर बताते ही तुरंत OPD पर्ची उपलब्ध हो रही है। रायपुर जिला अस्पताल में कुछ देर के लिए पोर्टल में तकनीकी वजहों से थोड़ी दिक्कत हुई, लेकिन थोड़ी देर में ये परेशानी दूर कर ली गई।