रायपुर। राजधानी पुलिस ने जय जवान पेट्रोल पंप पास स्थित गेट सोशल रेस्टोरेंट में हुक्का पिलाते रेस्टोरेंट संचालक को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि सिविल लाईन थाना क्षेत्रांतर्गत जय जवान पेट्रोल पंप के पास स्थित गेट सोशल रेस्टोरेंट के संचालक द्वारा अपने रेस्टोरेंट में चोरी छिपे हुक्का पिलाया जा रहा है। जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन पर सिविल लाईन पुलिस की टीम ने रेस्टोरेंट में जाकर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान संचालक द्वारा लोगों को हुक्का पिलाने की तैयारी करते पाए जाने पर आरोपी सोशल रेस्टोरेंट के संचालक पिंटू सागर को पकड़कर उसके कब्जे से 04 नग हुक्का पॉट, चिलम, पाईप सेट और निकोटिन युक्त 6 नग तम्बाकू फ्लेवर हुक्का जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाईन में कोटपा अधिनियम 2003 के तहत अपराध दर्ज किया गया।