ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत में लॉकडाउन लगाए जाने और एलपीजी की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को सरकार ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। केंद्र ने स्पष्ट किया है कि ऐसी खबरें केवल अफवाह हैं और देश में किसी भी तरह का लॉकडाउन प्रस्तावित नहीं है।
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने साफ शब्दों में कहा कि देश में ईंधन आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता पर्याप्त है और कहीं भी किसी तरह की कमी नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि खुदरा विक्रेताओं के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई चेन सामान्य रूप से काम कर रही है।
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार वैश्विक परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। मंत्री ने कहा कि ऊर्जा, आपूर्ति श्रृंखला और आवश्यक वस्तुओं से जुड़े हर पहलू की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित संकट से समय रहते निपटा जा सके।
दरअसल, पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के चलते वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। इसी बीच भारत में लॉकडाउन और एलपीजी संकट की अटकलें तेज हो गईं, जिसे सरकार ने सिरे से खारिज कर दिया है।
सरकार के अनुसार, हाल ही में प्रधानमंत्री के संसद में दिए गए बयान को गलत तरीके से समझा गया, जिससे भ्रम की स्थिति बनी। उन्होंने केवल संभावित वैश्विक प्रभावों के मद्देनजर प्रशासनिक तैयारी की बात कही थी, न कि किसी प्रतिबंध या लॉकडाउन की।
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। मौजूदा हालात में देश में ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर है और किसी भी तरह की आपात स्थिति नहीं है।
