मध्य-पूर्व की जासूसी दुनिया से जुड़ा एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। इज़राइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के प्रमुख David Barnea ने पहली बार सार्वजनिक तौर पर स्वीकार किया है कि ‘मेम’ नाम से पहचाने जाने वाले एजेंट ने ईरान के खिलाफ चलाए गए हालिया गुप्त अभियानों में निर्णायक भूमिका निभाई थी। खास बात यह है कि यह एजेंट मई 2023 में इटली में एक नाव हादसे में मारा गया था।

‘मेम’ की असली पहचान अब तक गुप्त रखी गई है और उन्हें केवल उनके नाम के पहले हिब्रू अक्षर से जाना जाता था। मीडिया रिपोर्ट्स में उनकी पहचान एरेज शिमोनी के नाम से सामने आई थी, जिसे एक उपनाम माना जा रहा है। बताया जाता है कि जिस नाव में हादसा हुआ, वह एक खुफिया बैठक का हिस्सा थी, जिसमें कई इज़राइली और इतालवी एजेंट शामिल थे।

मोसाद मुख्यालय में आयोजित एक स्मृति समारोह के दौरान David Barnea ने ‘मेम’ को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सुरक्षा और गुप्त सेवाओं के लिए समर्पित कर दिया। बार्निया के अनुसार, ‘मेम’ न केवल रणनीतिक अभियानों के माहिर थे, बल्कि नई तकनीकों और नवाचारपूर्ण तरीकों के भी विशेषज्ञ थे।

उन्होंने बताया कि ‘मेम’ के नेतृत्व में चलाए गए ऑपरेशनों में चतुराई, तकनीकी दक्षता और रणनीतिक योजना का बेहतरीन तालमेल देखने को मिला, जिसने ईरान के खिलाफ अभियानों को मजबूती दी। यह भी कहा गया कि हालिया इज़राइल-ईरान तनाव के दौरान उनकी बनाई गई रणनीतियों का बड़ा योगदान रहा।

इटली की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के समय नाव में 23 लोग सवार थे, जबकि इसकी अनुमति केवल 15 लोगों के लिए थी। इस दुर्घटना में कुल चार लोगों की मौत हुई थी, जिनमें खुफिया एजेंट भी शामिल थे। घटना के बाद कई एजेंटों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकालकर निजी विमान से इज़राइल भेजा गया।

‘मेम’ के पार्थिव शरीर को बाद में इज़राइल लाया गया और अश्केलोन के सैन्य कब्रिस्तान में पूरे सम्मान के साथ दफनाया गया। उनके अंतिम संस्कार में मोसाद के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बार्निया ने उन्हें एक वफादार, समर्पित और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी व्यक्ति बताते हुए कहा कि उनके कई महत्वपूर्ण योगदान आज भी सार्वजनिक नहीं किए जा सकते।

यह खुलासा न केवल इज़राइल की गुप्त रणनीतियों की झलक देता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे गुप्त अभियानों में ऐसे एजेंटों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण होती है, जिनकी पहचान दुनिया से छिपी रहती है।