ट्विटर इंक के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जैक डॉर्सी ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. डोर्सी के पास ट्विटर और स्क्वायर दोनों कंपनियों के सीईओ का पद था. ट्विटर के स्टेक होल्डर इलियट मैनेजमेंट ने कंपनी के प्रबंधन के साथ निवेश फर्म का समझौता करने से पहले 2020 में जैक डोर्सी को सीईओ के रूप में बदलने की मांग की थी. अब डोर्सी की जगह कंपनी के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर पराग अग्रवाल लेंगे.
जैक डॉर्सी ने लिखा
उन्होंने ईमेल के जरिये अपनी टीम को यह सूचना दी है. जैक डोर्सी ने अपने मेल में लिखा है कि यह सही समय है कि वे अपना पद छोड़ दें. उन्होंने लिखा है कि 16 वर्षों का यह सफर बहुत ही अच्छा रहा जहां मैंने कंपनी के सह संस्थापक से सीईओ तक का सफर तय किया और अब समय आ गया है कि मैं अपना पद छोड़ दूं. जैक डोर्सी ने लिखा है कि ऐसा माना जाता है जिन्होंने कंपनी को स्थापित किया है वही इसे लीड भी करें, लेकिन हमेशा यह सच और उचित नहीं होता. मुझे ऐसा लगता है कि कई बार इससे कंपनी को नुकसान होता है. मैं आपको बताना चाहता हूं आज से मेरी जगह पर कंपनी के सीईओ पराग अग्रवाल होंगे.
पराग अग्रवाल मेरी पहली पसंद हैं और उन्होंने कंपनी का हमेशा विपरीत परिस्थितियों में साथ दिया है. वे आज से ही मेरी जगह पर कंपनी के सीईओ होंगे. मैं अभी बोर्ड में रहूंगा ताकि पराग को इस बदलाव में मदद कर सकूं. अगले साल मई या फिर उससे अधिक भी मैं बोर्ड में रह सकता हूं. पराग ने एक इंजीनियर के तौर पर हमारे यहां शुरुआत की थी और आज वे सीईओ हैं.
मैं आज अपने फैसले पर खुश हूं. हालांकि मैं दुखी भी हूं क्योंकि यह मेरे लिए कठिन निर्णय था क्योंकि मैं अपने काम से प्यार करता हूं. लेकिन यह मेरा अपना निर्णय है और मैं इससे संतुष्ट हूं. मुझे पूरी उम्मीद है कि आप मेरे इस निर्णय का स्वागत करेंगे. मैं आपसब से बहुत प्यार करता हूं.
एक बार पहले भी दे चुके हैं इस्तीफा
बता दें, जुलाई 2006 में ट्विटर को यूजर्स के लिए लॉन्च किया गया था. ट्विटर पर पहला ट्वीट इसके को-फाउंडर और सीईओ जैक डोर्सी ने ही किया था. डोर्सी का पहला कार्यकाल सीईओ के तौर पर 2008 तक रहा. इसके बाद सीईओ डिक कोस्टोलो के पद छोड़ने के बाद वह 2015 में बॉस के रूप में ट्विटर पर फिर से लौट आए. आज पूरी दुनिया में ट्विटर के करोड़ों यूजर्स हैं.
कौन हैं पराग अग्रवाल
पराग अग्रवाल (पीकू) एक भारतीय-अमेरिकी हैं. इन्होंने स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की और आईआईटी बंबई से इंजीनियरिंग की डिग्री ली है. वे ट्विटर के सीईओ बनाये गये हैं. इससे पहले वे ट्विटर की तकनीकी रणनीति, मशीन लर्निंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, उपभोक्ता, राजस्व और विज्ञान टीमों का कामकाज देखते थे.
जैक डॉर्सी के पद छोड़ने की खबर के बाद ट्विटर के शेयरों में आया उछाल
इससे पहले डॉर्सी के पद छोड़ने की खबर के बाद ट्विटर के शेयरों में उछाल आ गया. सीएनबीसी ने अपनी खबर में कहा था कि डॉर्सी जल्द ही पद छोड़ सकते हैं. उसने अज्ञात सूत्रों के हवाले से ये खबर दी थी. ट्विटर का स्टॉक जिसने बाजार में लगातार खराब प्रदर्शन किया है, ट्रेडिंग रुकने की खबर से पहले सोमवार को ओपनिंग बेल पर 10 फीसदी से अधिक उछल गया.


jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
