रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कवि सम्मेलन में 16 दिसंबर1971 के ऐतिहासिक दिन का स्मरण करते हुए भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व के कारण ही पाकिस्तान का इतिहास और भूगोल बदला और बंग्लादेश का जन्म हुआ। उनके इस नेतृत्व के कारण ही विश्व मे उनकी पहचान आयरन लेडी के रूप में हुई।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि 17 दिसंबर को हमारी सरकार के छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा करते तीन वर्ष भी पूरे हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब नक्सलगढ़ की बजाय छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भगवान राम की महतारी और छत्तीसगढ़ की दुलारी बेटी माता कौशल्या के नाम से होती है। हमारे छत्तीसगढ़ में भगवान राम को भांजे के रूप में पूजा जाता है। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी महामारी के बावजूद यहाँ की जनता का भरपूर सहयोग उन्हें मिला है।

कवि सम्मलेन में सपरिवार शामिल हुए मुख्यमंत्री बघेल

बता दे मुख्यमंत्री बघेल राजधानी रायपुर के पुलिस ग्राउंड में आयोजित कवि सम्मेलन में सपरिवार शामिल हुए। कवि सम्मेलन में सुप्रसिद्ध कवि डॉ कुमार विश्वास, सुमन दुबे, डॉ सुरेंद्र दुबे, हेमंत पांडेय और देवेंद्र परिहार ने काव्यपाठ किया।

इस अवसर पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, खाद्यमंत्री अमरजीत भगत, विधायक एवं अध्यक्ष छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल कुलदीप जुनेजा, विधायक एवं पूर्व मंत्री ] सत्यनारायण शर्मा, संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर, चिंतामणि महाराज सहित निगम-मंडल के पदाधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।