पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर स्पष्ट किया है कि वर्तमान में किसी प्रकार की कमी नहीं है। पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद देश की ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह स्थिर बनी हुई है।
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और अनावश्यक ‘पैनिक बुकिंग’ न करें, क्योंकि इससे सप्लाई सिस्टम पर दबाव पड़ सकता है।
एलपीजी डिलीवरी पर स्थिति साफ
मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के कारण कुछ हद तक आपूर्ति प्रभावित जरूर हुई थी, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में गैस कार्गो पहले से लाइन में हैं और देशभर के एलपीजी वितरकों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है।
पेट्रोल-डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने यह भी बताया कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में किसी तरह की बाधा नहीं है। देशभर में ईंधन की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है।
PNG कनेक्शन बढ़ाने की पहल
सरकार ने सिटी गैस वितरण कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि वे अगले 5 दिनों में पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) कनेक्शन के विस्तार को तेज करें। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को अधिक भरोसेमंद और निरंतर गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
घबराहट नहीं, भरोसा रखें
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में ऊर्जा संसाधनों का पर्याप्त भंडार मौजूद है। मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात का असर आपूर्ति पर सीमित है और सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
