ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर सामने आई नई रिपोर्ट ने वैश्विक स्तर पर चर्चा तेज कर दी है। सत्ता संभालने के बाद से ही वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं, जिससे उनकी स्थिति को लेकर अटकलें बढ़ती जा रही हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, खामेनेई इस समय बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक गुप्त स्थान से शासन चला रहे हैं।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सुरक्षा कारणों से खामेनेई ने पूरी तरह इलेक्ट्रॉनिक संचार से दूरी बना ली है। वे किसी भी डिजिटल डिवाइस का उपयोग नहीं कर रहे हैं और शासन से जुड़े सभी संदेश हस्तलिखित पत्रों के माध्यम से भेजे जा रहे हैं। ये पत्र सीलबंद लिफाफों में भरोसेमंद कूरियरों के जरिए एक जटिल नेटवर्क के माध्यम से उनके पास पहुंचते हैं, जिससे बाहरी निगरानी से बचाव किया जा सके।
स्वास्थ्य को लेकर स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, खामेनेई के एक पैर की तीन बार सर्जरी हो चुकी है और अब उन्हें कृत्रिम पैर की जरूरत पड़ सकती है। इसके अलावा उनके एक हाथ का भी ऑपरेशन हुआ है। चेहरे और होंठ के बुरी तरह झुलस जाने के कारण उन्हें बोलने में कठिनाई हो रही है, और भविष्य में प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है। हालांकि मानसिक रूप से वह पूरी तरह सक्रिय बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि खामेनेई अपने पहले सार्वजनिक संबोधन में किसी भी तरह की कमजोरी नहीं दिखाना चाहते, यही कारण है कि वह अब तक सामने नहीं आए हैं। वहीं उनकी सार्वजनिक भूमिका को धीरे-धीरे सीमित किए जाने के संकेत भी मिल रहे हैं।
इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व में मतभेद के दावों को ईरान ने सिरे से खारिज कर दिया है। ईरानी राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया है कि देश में पूर्ण एकजुटता है और किसी भी बाहरी दबाव या हमले का जवाब मजबूती से दिया जाएगा।
मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच खामेनेई की यह स्थिति न केवल ईरान बल्कि वैश्विक राजनीति के लिए भी महत्वपूर्ण संकेत दे रही है।
