रायपुर। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव एवं राज्योत्सव 2021 का उद्घाटन 28 अक्टूबर को पूर्वान्ह 11 बजे साइंस कॉलेज मैदान में होगा। इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्वान्ह 11 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में हिस्सा ले रहे विदेशों और छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों के आदिवासी नर्तक दलों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया जाएगा। इसके बाद अतिथियों का उद्बोधन होगा। उद्घाटन समारोह में दोपहर 12.30 से 2 बजे तक नाइजीरिया, फिलीस्तीन, छत्तीसगढ़ के गौर सिंग नर्तक दल, होजागिरी-त्रिपुरा के दल द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जाएगी। दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक अतिथियों द्वारा इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन किया जाएगा।
आयोजन स्थल पर दोपहर 2.30 बजे से 6.30 बजे तक विवाह संस्कार विधा पर नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक दल को प्रस्तुति के लिए 15 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। इस प्रतियोगिता में 11 नर्तक दल अपनी प्रस्तुति देंगे। इसमें गोंड जनजाति का कर्मा नृत्य-मध्यप्रदेश, कड़सा नृत्य-झारखंड, गोजरी नृत्य जम्मू-कश्मीर, गुरयाबल्लु-आंध्रप्रदेश, कारबी-तिवा-असम, डिम्सा-आंध्रप्रदेश, धप-ओडिशा, कोम्मुकोया-तेलंगाना, दंडार-मध्यप्रदेश, बोण्डा-ओडिशा, मेवासी नृत्य-गुजरात की प्रस्तुति होगी।
त्योहार और अनुष्ठानों में किए जाने वाले नृत्य की प्रस्तुति
शाम 6.30 से शाम 7.30 बजे तक पारम्परिक त्योहार और अनुष्ठान, फसल कटाई-कृषि एवं अन्य पारंपरिक विधाओं पर नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिसमें 5 नर्तक दल हिस्सा लेंगे। इनमें करमा नृत्य-छत्तीसगढ़, झींझीं हन्ना-उत्तराखंड, गुसाड़ी-डिम्सा-तेलंगाना, उरांव-झारखंड, सिद्धी गोमा नृत्य-गुजरात की प्रस्तुति होगी।
शाम को राज्यपाल के मुख्य आतिथ्य में होगा कार्यक्रम
रात 8 बजे से 9.30 बजे तक मुख्य मंच पर राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें अतिथियों के उद्बोधन के बाद स्वाजीलैण्ड, उजबेकिस्तान और माली के आदिवासी नर्तक दलों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
