सुकमा। जिले में शुक्रवार को जवानों को एक बड़ी सफलता मिली। नक्सल ऑपरेशन पर निकले जवानों और माओवादिओं के बीच हुई मुठभेड़ में एक खूंखार नक्सली बस्ता भीमा को ढेर कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस नक्सली पर 5 लाख रुपये का इनाम भी घोषित था। भीमा मिनपा मुठभेड़ और भालेराव आईईडी ब्लास्ट जैसी घटनाओं में शामिल था। मिनपा में 17 और भालेराव में 1 जवान शहीद हुए थे। इसके अलावा 9 अन्य बड़ी घटनाओं में भी भीमा शामिल रहा है। सुकमा एसपी सुनील शर्मा ने बताया कि नक्सली के शव को बरामद कर लिया गया है। इलाके में सर्चिंग जारी है।

जानकारी के मुताबिक, डीआरजी और कोबरा 201 बटालियन के जवान चिंतलनार थाना क्षेत्र के ताड़मेटला इलाके में नक्सल ऑपरेशन पर निकले हुए थे। वहीं इन्हीं जंगलों में नक्सली पहले से ही घात लगाकर बैठे हुए थे। जब सर्चिंग कर जवान शाम को लौट रहे थे तो उस समय नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। इधर, जवानों ने भी मोर्चा संभाला और मुंहतोड़ जवाब दिया। लगभग आधे घंटे तक चली इस मुठभेड़ में जवानों ने खूंखार नक्सली मिलिशिया कमांडर को ढेर कर दिया है।