- धान खरीदी व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए प्रदेशभर के संग्रहण केंद्रों में अफसरों के दौरे जारी
- धान बेचने आए किसानों से चर्चा कर व्यवस्था के संबंध में ले रहे हैं फीडबैक
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर धान खरीदी व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए प्रदेश के सचिवालय से लेकर सभी जिलों के अधिकारियों ने भी मैदान पर उतर कर मोर्चा संभाल लिया है। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने 01 दिसंबर को धान संग्रहण केंद्रों का दौरा कर जायजा लिया था। आज सचिव स्तर के अधिकारियों ने भी संग्रहण केंद्रों का दौरा किया। जिलों में संभाग आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समेत सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने भी संग्रहण केंद्रों में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाएं देखी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । अधिकारियों द्वारा किसानों से चर्चा कर उनसे फीडबैक भी प्राप्त किया जा रहा है।


आज प्रदेश के दूरस्थ और सीमावर्ती जिले बलरामपुर-रामानुजगंज के धान खरीदी केंद्रों में वन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज पिंगुआ ने खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया। महासमुंद जिले में ग्रामोद्योग विभाग की प्रमुख सचिव मनिंदर कौर द्विवेदी ने, दुर्ग जिले में लोक निर्माण विभाग और मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी ने, बेमेतरा और मुंगेली जिले में तकनीकी शिक्षा विभाग की सचिव रीता शांडिल्य ने बिलासपुर जिले के कोटा में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रतनलाल डांगी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक झा ने विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का जायजा लिया।


किसानों को परेशानी न हो इसके लिए व्यवस्था करने के निर्देश
रायपुर के कलेक्टर सौरभ कुमार, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. आनंद छाबड़ा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार अग्रवाल ने विकासखंड मुख्यालय अभनपुर और ग्राम केन्द्री के उपार्जन केंद्र में धान खरीदी कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने इस दौरान धान खरीदी के साथ-साथ उसके रख-रखाव व परिवहन संबंधी कार्यों को भी प्राथमिकता से करने कहा। उन्होंने लघु एवं सीमांत किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो, ऐसी व्यवस्था बनाने कहा। उन्होंने धान की गुणवत्ता, बारदाने की व्यवस्था, स्टेकिंग, रखरखाव, सुरक्षा, उठाव और गुणवत्ता आदि का भी विशेष ध्यान रखने को कहा।


समिति के पदाधिकारियों से ली जानकारी
कोरिया जिले में कलेक्टर श्याम धावड़े और सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने बैकुंठपुर के जामपारा और सरभोका समिति के पदाधिकारियों से बारदाने, तौल, रोस्टर आदि की जानकारी ली। दोनों समितियों के पदाधिकारियों ने धान की गुणवत्ता और उसमें नमी की जांच कर धान की तौलाई की। सरगुजा के कलेक्टर संजीव कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम कांबले ने लुंड्रा विकासखंड के चार धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान बलरामपुर जिले से लगे लुण्ड्रा विकासखंड के धौरपुर, डूमरडीह, सहनपुर और ससौली केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने इन सभी केंद्रों में व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
