- ‘हमर अस्पताल’ में 42 तरह की जांच की सुविधा, 150 प्रकार की दवाएं मुफ्त
रायपुर। राजधानी में संचालित चार ‘हमर अस्पताल’ ने शहर की स्वास्थ्य सेवाओं की सूरत और सीरत दोनों बदल दी है। कई नई सुविधाओं से लैस इन अस्पतालों में पिछले तीन महीनों में करीब 30 हजार ओपीडी हुई हैं। इसके अलावा इस अवधि में यहां 200 से ज्यादा प्रसव भी कराए गए हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से गुढ़ियारी के शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और राजातालाब, भाठागांव और भनपुरी स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का पिछले साल ‘हमर अस्पताल’ के रूप में उन्नयन किया गया है।


शहर के लोगों को चिकित्सा सेवा मुहैया कराने के लिए इन अस्पतालों में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक ओपीडी संचालित की जा रही है। यहां की आधुनिक लैब में मरीजों को 42 तरह की जांच की सुविधा मिल रही है। इन अस्पतालों में 150 तरह की दवाईयां निःशुल्क उपलब्ध हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक चारों ‘हमर अस्पताल’ में पिछले 7 महीनों में कुल 1611 लोगों के आंखों की जांच की गई है। गुढ़ियारी ‘हमर अस्पताल’ में इस अवधि में 1188 लोगों के दांत के इलाज के साथ ही 320 मरीजों को एक्स-रे सुविधा प्रदान की गई है। राजातालाब और गुढ़ियारी ‘हमर अस्पताल’ में अब सोनोग्राफी की सुविधा भी शुरू हो चुकी है। जिसका फायदा मरीजों को मिल रहा है। दूसरे ‘हमर अस्पतालों’ में भी दंत चिकित्सा, सोनोग्राफी और एक्स-रे की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
लोगों मिल रहा फायदा
नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत पिछले 7 महीनों में ‘हमर अस्पताल’ में कुल 335 बच्चों को हेपेटाइटिस-बी, 282 बच्चों को विटामिन-के की खुराक और 405 बच्चों को बीसीजी का टीका एवं ओरल पोलियो वैक्सीन दी गई है। गुढ़ियारी ‘हमर अस्पताल’ की ओपीडी में बीते तीन महीनों में 8709, राजातालाब ‘हमर अस्पताल’ की ओपीडी में 8687, भनपुरी ‘हमर अस्पताल’ की ओपीडी में 7143 और भाठागांव ‘हमर अस्पताल’ की ओपीडी में 5441 लोगों ने अपना इलाज कराया है। भूपेश सरकार के प्रयास से अब रायपुर समेत प्रदेश के लोगों को भी इन सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
