रायपुर। छत्तीसगढ़ में भी पेट्रोल-डीजल के दाम कम हो सकते हैं। जानकारी के मुताबिक पेट्रोल–डीजल पर 5 से 6 रुपये तक की कटौती हो सकती है। इसका फैसला 22 नवंबर को होने वाली राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में होना है। वाणिज्यिक कर मंत्री टीएस सिंहदेव ने बुधवार को बताया कि उनके विभाग ने कटौती का प्रस्ताव सरकार को भेज दिया है। 22 नवंबर को कैबिनेट की बैठक है। इसी में विभाग के प्रस्ताव पर चर्चा कर कुछ फैसला होगा।

पिछले दिनों मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी कटौती के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल के दाम सभी पड़ोसी राज्यों से कम होंगे। इसके लिए सभी राज्यों की दरों का अध्ययन भी कराया जा रहा है।

पेट्रोलियम उत्पादों पर 25% VAT

डीजल और पेट्रोल पर नया वस्तु एवं सेवाकर (GST) लागू नहीं है। इस पर केंद्र सरकार एक्साइज ड्यूटी और सेस लगाती है। वहीं राज्य सरकारें VAT (वैल्यू एडेड टैक्स) लगाती हैं। छत्तीसगढ़ में सरकार दोनों पेट्रोलियम उत्पादों पर 25% VAT लगता है। इसकी दरें आखिरी बार 2018 में तय हुई थीं। उसके बाद इसे कभी छेड़ा नहीं गया।