रायपुर। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा प्रियदर्शिनी गांधी की पुण्यतिथि और पूर्व उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गई फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। शहर के साइंस कॉलेज मैदान स्थित ऑडिटोरियम में मुख्य अतिथि गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने किया।

जनसंपर्क विभाग की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय फोटो प्रदर्शनी में पूर्व पीएम इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभ भाई पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित अनेक दुर्लभ चित्र प्रस्तुत किए गए हैं। अतिथियों ने इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए स्मरण कर उन्हें नमन किया। सभी अतिथियों ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन करते मुख्य अतिथि

इंदिरा के योगदान का चित्र के जरिए प्रदर्शन

इस फोटो प्रदर्शनी में इंदिरा गांधी के इंदु से इंदिरा बनने तक के जीवन सफर, देश के विकास के लिए उनके महत्वपूर्ण निर्णयों जैसे शांतिपूर्ण परमाणु प्रयोग ‘स्माइलिंग बुद्धा‘, हरित क्रांति, पर्यावरण कार्यक्रम, बांग्लादेश के निर्माण में भूमिका, भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम, मजबूत अर्थव्यवस्था के लिए बैंकों के राष्ट्रीयकरण के अलावा छत्तीसगढ़ प्रवास एवं बस्तर प्रवास के दौरान आदिवासियों के साथ नृत्य, महानदी जलाशय परियोजना गंगरेल का शिलान्यास और स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इलाहाबाद जेल में बंद उनके पिता पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा अपनी 10 वर्षीय बेटी इंदिरा को लिखे गए मार्मिक पत्र को प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी का अवलोकन करते अतिथि

सरदार पटेल के योगदान को दिखाया

वहीं पूर्व उप प्रधानमंत्री भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन वृतांत को भी फ़ोटो प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शाया गया है। इनमें बारडोली, गुजरात में स्थित सरदार पटेल के निवास, संविधान सभा की बैठकों, भारत के स्वतंत्रता प्राप्ति के क्षणों की तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। अतिथियों द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा को बनाये रखने की शपथ ली गयी। प्रदर्शनी में चलचित्रों के माध्यम से भी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व की जानकारी दी जा रही है।