रायपुर। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर द्वारा स्थानीय शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 21 अक्टूबर को पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर स्थित रोजगार कार्यालय में प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
प्लेसमेंट कैंप के जरिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर द्वारा अस्थाई नियोजन के लिए तीन महीने के लिए माइक्रो बॉयोलाजिस्ट, केमिस्ट, लैब टैक्निशियन, लैब अटेण्डेंट, कंप्यूटर ऑपरेटर के 12 पदों पर एमएससी (माइक्रो बॉयोलाजिस्ट/ रसायन विज्ञान/जीव विज्ञान) और कंप्यूटर में स्नातक (हिन्दी एवं अंग्रेजी टायपिंग के साथ) उत्तीर्ण अनुभवी योग्य आवेदकों की भर्ती 10 हजार से 25 हजार रुपये प्रतिमाह की दर पर की जाएगी।

कुरियर ब्वॉय की भर्ती

निजी क्षेत्र के नियोजक द एपिक डाट कॉम, रायपुर द्वारा 60 कुरियर ब्वॉय की भर्ती 13 रुपये प्रति पैकेट डिलीवरी की दर से भुगतान के आधार पर रायपुर और दुर्ग क्षेत्र के लिए की जाएगी। कुरियर ब्वॉय के पदों के लिए आवेदक के पास खुद का दुपहिया वाहन (लायसेंस सहित) और स्मार्टफोन होना जरूरी है।

इन दस्तावेजों के साथ जाएं

जिला रोजगार विभाग रायपुर के उप संचालक ने बताया कि इन पदों पर भर्ती के लिए योग्य और इच्छुक आवेदक निर्धारित तिथि पर शैक्षणिक योग्यता की फोटोकॉपी के साथ सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक उपस्थित हो सकते हैं। उन्होंने आवेदकों से आग्रह किया है कि आवेदक सोशल डिस्टेंटिंग का पालन करते हुए प्लेसमेंट कैंप में सम्मिलित हों।