रायपुर। छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल से एक चोर हथकड़ी समेत फरार हो गया है। बीते 11 सालों से सेंट्रल जेल में सजा काट रहे कुख्यात चोर गुरुमुख सिंह उर्फ बिल्ला को इलाज के लिए आंबेडकर अस्पताल में भर्ती किया गया था। जहां आरोपी पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक चोरी के ट्रकों को कटवाने के अपराध में पिछले 11 साल से गुरुमुख सिंह उर्फ बिल्ला सजा काट रहा था। आरोपी तिल्दा नेवरा थाना इलाके से गिरफ्तार हुआ था। पुणे नासिक निवासी कैदी को रायपुर सेंट्रल जेल से इलाज के लिए अम्बेडकर अस्पताल लाया गया था।

कौन है गुरुमुख सिंह

हथकड़ी सहित फरार हुए गुरुमुख सिंह उर्फ बिल्ला को 11 साल पहले तिल्दा नेवरा से गिरफ्तार कर रायपुर सेंट्रल जेल दाखिल कर दिया गया था। बिल्ला के बारे में जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक वह ट्रकों की चोरी करता था, उसके बाद उसे कटवा दिया करता था, जिसकी वजह से चोरी हुए ट्रक का पता ही नहीं चल पाता था। बिल्ला के नाम की दहशत हो गई थी। मूलत: महाराष्ट्र के नासिक का रहने वाला बिल्ला एक कुख्यात चोर बन गया था।

तलाश में जुटी पुलिस

बीते 11 सालों से सेंट्रल जेल में सजा काट रहा बिल्ला आंबेडकर अस्पताल के कैजुअल्टी वार्ड में दाखिल किया गया था। बीती रात उसने मौका देखकर पुलिस की आंखों में धूल झोंक दिया और फरार हो गया। मौदहापारा थाना में मामला दर्ज किया गया है और अब उसकी तलाश में पुलिस एक बार फिर जुट गई है।