• विपक्ष की अनुपस्थिति में अनुपूरक बजट पारित, विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

रायपुर। राज्य विधानसभा ने चर्चा के बाद चालू वित्तीय वर्ष का 2108 करोड़ रुपये से अधिक का दूसरा अनुपूरक बजट पास कर दिया। अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान प्रमुख विपक्षी पार्टी भाजपा के सदस्य अनुपस्थित रहे। विधानसभा में लाए गए चारों विधेयकों को भी विपक्ष की अनुपस्थिति में पारित कर दिया गया। विधानसभा सभा अध्यक्ष ने इसके बाद विधानसभा की कार्रवाई बिना समापन भाषण के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी।

भोजनावकाश के बाद सदन फिर से शुरू हुआ तो मुख्यमंत्री ने इस दौरान राज्य सरकार की 2108 करोड़ 62 लाख 84 हजार रुपये से अधिक के अनुपूरक बजट पर चर्चा शुरू की। भाजपा विधायकों ने पहले स्थगन पर चर्चा की मांग की। मांग पूरी नहीं होते देख भाजपा विधायकों ने अनुपूरक पर चर्चा का बहिष्कार कर दिया। चर्चा शुरू हुई तो भाजपा का कोई विधायक सदन में मौजूद नहीं था। सभी लोग गांधी प्रतिमा के पास बैठे थे।

नेतृत्व संकट से जूझ रहा विपक्ष- सीएम

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा के बहिर्गमन पर सवाल उठाए। चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा नेतृत्व संकट से जूझ रही है। भाजपा तय ही नहीं कर पा रही है कि नेता कौन है। धरमलाल नेता हैं या अजय नेता हैं, बृजमोहन नेता हैं या शिवरतन। तीन साल में तय नहीं हो पाया। उन्होंने कहा, ये कह रहे हैं तीन कांग्रेस है। मैं बताना चाहता हूँ हमारी नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी है, राहुल जी पूर्व अध्यक्ष है प्रियंका राष्ट्रीय महासचिव है। तीनों का नेतृत्व है। उन्होंने कहा, इनकी विषय पर तैयारी नहीं है। ये सोचे कुछ और थे और स्थगन किसी और पर ले आए। जब उस पर भी चर्चा के लिए तैयार हो गए तो चले गए।

हुक्का बार सहित चार विधायक पारित

बुधवार को अनुपूरक पर चर्चा के अलावा चार विधेयक पेश किए गए। इसमें हुक्का बार पर प्रतिबंध लगाने वाला विधेयक भी शामिल है। इंदिरा गांधी कला एवं संगीत विश्वविद्यालय और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अधिनियमों में भी संशोधन के लिए विधेयक लाए गए। अनुपूरक कार्यसूची लाकर इन्हें पेश करते हुए इन विधेयकों को विपक्ष की अनुपस्थिति में पारित कर दिया गया।