रायपुर। छत्तीसगढ़ में 4 ​नगर निगम सहित 15 निकायों में निर्वाचन की अधिसूचना बुधवार को राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जारी कर दी है। बता दें कि 27 नवंबर से इसकी प्रक्रिया शुरु हो जाएगी। 20 दिसंबर को मतदान की तारीख तय कर दी गई है, तो 23 दिसंबर को इसके परिणाम भी सामने आ जाएंगे। जिसके लिए कांग्रेस ने पहले दिन से ही तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया भी आज राजधानी पहुंच गए हैं।

रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत पर बिरगांव निकाय चुनाव पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि हर चुनाव चैलेंजिंग रहता है। लेकिन जो परिणाम आएंगे उसका अंदाजा लगाया जा सकता है। आगे उन्होंने कहा कि पिछले जो नगरीय निकाय के आम चुनाव हुए थे उसमें 10 में से 10 सीट जीते थे। सरकार ने जो अच्छा काम किया था और जनता में पकड़ बनाई है, उससे जनता प्रभावित है। इसलिए स्वाभाविक रूप से कांग्रेस ही एक मात्र विकल्प है। पुनिया ने बताया कि प्रत्याशी मापदंडों पर आज चर्चा होगी, इसके लिए प्रभारी मंत्रियों को बुलाया गया है।