रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र कल से शुरू हो रहा है। सत्र शुरू होने से पहले संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे शनिवार को स्पीकर हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत से बैठकों की व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई।

बता दें कि विधानसभा का ये सत्र भी कोरोना संक्रमण की आशंका के बीच होने जा रहा है। ऐसे में संक्रमण की रोकथाम के लिए की गई व्यवस्था पर भी चर्चा हुई है। विधानसभा शीतकालीन सत्र 13 से 17 दिसंबर तक प्रस्तावित है। इस दौरान कुल 5 बैठकें होनी है। साथ ही सरकार दो नए कानून समेत अनुपूरक बजट भी लाने वाली है।

सीएम के विभागों से जुड़े होंगे सवाल

शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विभागों से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इसमें ऊर्जा, खनिज, जनसंपर्क जैसे विभाग शामिल हैं। वन, आवास और पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरु रुद्र कुमार के विभागों से भी सवाल पूछे जाने हैं।

ये विधेयक होंगे पेश

सत्र के दौरान भूपेश सरकार छत्तीसगढ़ माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संशोधन विधेयक और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग (संशोधन) विधेयक भी पेश करने वाली है। इधर, विपक्ष भी सरकार को घेरने की तैयारी में है। इसमें धान खरीदी में बारदाना संकट, धर्मांतरण, कवर्धा विवाद और आपराधिक घटनाओं का मामला शामिल है।