स्वास्थ्य विभाग में भर्ती के लिए आयोजित की गई परीक्षा से पहले ही उसके पेपर आउट कर दिए गए। एक-एक प्रकार के पद के पेपर के लिए 41 से 60 हजार रुपए में डील की गई। दलाली कर रहे लोगों ने कुछ अलग अलग अभ्यर्थियों से फोन पर ही इसकी डील कर ली।

जानकारी के मुताबिक ये सारी डील फोन के जरिए हुई है। इस डील में प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारियों के होने की बात सामने आ रही है। ये भी बताया जा रहा है कि ये कर्मचारी स्वास्थ्य विभाग से बाहर के हैं, जिनके द्वारा भर्ती परीक्षा के लिए पेपर सेट किया गया है। बताया जा रहा है कि इस पूरी डील की कॉल रिकॉर्डिंग अभ्यर्थियों ने कर रखी है। ऑडियो सामने आने के बाद भर्ती प्रक्रिया में की जा रही गड़बड़ी तो सामने आ गई है, लेकिन इसमें कौन-कौन अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं ये तो जांच के बाद ही पता चल पाएगा।

17 सितंबर को हुई थी परीक्षा

स्टाफ नर्स, लैब टैक्नीशियन, फार्मासिस्ट और ड्रेसर की संविदा भर्ती के लिए 11 अगस्त 2020 को विज्ञापन निकाला गया था। 31 अगस्त तक आवेदन लिए गए। लेकिन कोरोना के चलते साल भर बाद 1 अगस्त 2021 को पात्र अपात्र की सूची निकाल 16 अगस्त तक दावा आपत्ति मंगाए गए थे। 8 सितंबर को अंतिम सूची निकाली गई। जिसके बाद 17 सितंबर को कॉलेज में पद के अनुरूप लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी।