दुर्ग। दुर्ग जिला से चौंकाने वाला मामला सामने आया है । यहां एक प्राथमिक शाला में पढ़ने वाले 25 बच्चे पौष्टिक चिक्की खाने के बाद बीमार पड़ गए हैं । यह स्कूल दुर्ग से सात किमी दूर कोलिहापुरी में है। बताया जा रहा है की चिक्की खाने के थोड़ी देर बाद बच्चों ने बताया कि उनके पेट में दर्द हो रहा है। बारी-बारी से सभी बच्चे इसी तरह की समस्या बताने लगे। चिक्की खाने के बाद बीमार हुए बच्चों को स्कूल के प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया। यहां उनका उपचार जारी है। सुबह 11 बजे के आसपास गुरुवार को दोपहर में खाने की छुट्टी के समय स्कूल की ओर से बच्चों को चिक्की दी गई थी। सरकारी योजना के तहत पौैष्टिक चिक्की स्कूल के सभी बच्चों को बांटी गई। आधे घंटे के बाद बच्चों ने शिक्षकों से पेट में दर्द होने की समस्या बताई। पहले तो शिक्षकों ने सोचा कोई सामान्य बात होगी। लेकिन थोड़ी देर बाद जितने बच्चों ने चिक्की खाई थी सभी ने पेट में तेज दर्द होने की समस्या बताने लगे। इससे शिक्षक थोड़ा परेशान हुए ।

सरपंच ज्वाला प्रसाद देशमुख ने बताया कि प्रभारी प्रधान पाठक सपना यदु द्वारा जानकारी देने के बाद बच्चों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया l जैसे ही घटना की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल को मिली तो बीईओ केवी राव सहित अन्य लोगों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे l आरएमओ डॉक्टर अखिलेश यादव ने बताया कि बच्चों का इलाज किया जा रहा है और अभी सभी बच्चों की स्थिति पहले से ठीक है l जिले के सभी प्राइमरी स्कूलों में पौैष्टिक चिक्की बच्चों को सप्ताह में तीन दिनदी जाती है l स्कूल प्रबंधन के द्वारा और भी जानकारी जुटाई जा रहीं हैं ।