• दूसरे राज्यों से जोडऩे वाले महत्वपूर्ण नेशनल हाइवे की रिपोर्ट पेश
  • हाईपॉवर कमेटी की बैठक में लिए गए कइ्र निर्णय

रायपुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बन रही सड़कों का काम जल्द पूरा करने के लिए वहां सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। नेशनल हाइवे की राज्य स्तरीय हाईपावर कमेटी ने ये फैसला लिया। इसके अलावा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। प्रदेश को दूसरे राज्यों से जोडऩे वाले महत्वपूर्ण नेशनल हाइवे को लेकर भी रिपोर्ट पेश की गई। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने मंत्रालय में राज्य स्तरीय हाई पावर कमेटी की बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना से बनाई जा रही सड़कों के रखरखाव एवं मरम्मत और नए सड़कों की स्वीकृति और प्रगति पर चर्चा हुई।

उन्होंने कहा, सड़कों एवं पुलियों के काम जल्दी पूरा करें। उन्होंने कहा, सड़कों एवं पुलियों के निर्माण की नियमित मॉनिटरिंग करें। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने वाले इलाकों में जमीन का मुआवजा बांटने, छूटे हुए इलाकों में भू-अर्जन करने, निजी क्षेत्रों में वृक्षों की कटाई, वन भूमि डायवर्जन और सड़कों के चौड़ीकरण को लेकर जानकारी ली।

मार्गों की हुई समीक्षा

मुख्य रूप से बिलासपुर-उरगा, पथरापाली-कटघोरा, चांपा-कोरबा-छुरी-कटघोरा, उरगा-पत्थलगांव, रायपुर-विशाखापट्नम-भारतमाला परियोजना, रायपुर-सिमगा मार्ग, टाटीबंध फ्लाई ओव्हर का काम, दुर्ग-रायपुर बायपास भारतमाला परियोजना, रायपुर-सिमगा सड़क का चौड़ीकरण, रायपुर-विशाखापट्नम भारतमाला परियोजना, झलमला से शेरपारा रोड चौड़ीकरण, दुर्ग-रायपुर बायपास बनाने, रायपुर-विशाखापट्नम मार्ग, कांकेर और कोण्डागांव जिले में रायपुर-विशाखापट्नम मार्ग, जगदलपुर-सुकमा-कोंटा, अम्बिकापुर-पत्थलगांव, कुनकुरी से झारखंड बॉर्डर, उरगा-पत्थलगांव, अम्बिकापुर-बलरामपुर-रामानुजगंज मार्ग की समीक्षा की गई।

हर हफ्ते बैठक लेने के निर्देश

इस संबंध में प्रति सप्ताह बैठक लेने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में सीएम के एसीएस सुब्रत साहू, पीडब्लूडी सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, सचिव राजस्व एनएन एक्का, एडीजीपी (नक्सल) विवेकानंद सिन्हा, विशेष सचिव ऊर्जा अंकित आनंद, जांजगीर-चांपा कलेक्टर जितेन्द्र शुक्ला, बिलासपुर की अपर कलेक्टर जयश्री जैन, एनएचआईए के एके मिश्रा शामिल हुए।