रायपुर। भारत माता की जय, वंदे मातरम सहित देशभक्ति के नारे इन दिनों रायपुर में गूंज रहे हैं। छत्तीसगढ़ में बच्चों का भविष्य संवारने के लिए दी जा रही कमांडो ट्रेनिंग में पसीना बहा रहे हैं, ताकि सेना में भर्ती होकर देश की रक्षा में अपना योगदान दे सकें और बड़े होकर देश में हो रहे अपराधों पर लगाम लगाकर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिला सके।

राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित भैरव नगर में 300 से ज़्यादा बच्चों को प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी पुलिस के जवानों और अधिकारियों ने खुद संभाला है। इन बच्चों के अंदर देशभक्ति का जज्बा देखते ही बनता है। पुलिस परिवार द्वारा किए जा रहे इस काम को देखते हुए बच्चों में भी देश सेवा की एक अलग चाहत जगी है। वही सुबह-शाम जब एक साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाते हैं तो उनकी बुलंद आवाज से पूरे वातावरण में नवीन ऊर्जा का संचार हो जाता है।

प्रदेश के पुलिसकर्मियों की सामाजिक संस्था पुलिस परिवार संगठन द्वारा गरीब बच्चों के लिए संचालित प्रयास स्कूल में करीब तीन महीने से कमांडो ट्रेनिंग चल रही है। खास बात यह है कि बच्चों को ट्रेनिंग देने की जिम्मेदारी पुलिसवालों ने खुद संभाल रखी है। पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के आर्थिक सहयोग से वर्ष 2018 से संचालित इस स्कूल में आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। चौथी से 12वीं कक्षा तक संचालित इस स्कूल में फिलहाल 700 से अधिक बच्चे पढ़ रहे हैं।