मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हमारी सरकार आदिवासियों के हित में लगातार कार्य कर रही है और आगे भी करती रहेगी। बघेल शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद वीर नारायण सिंह के बलिदान दिवस पर जिले के गुरूर विकासखण्ड के राजाराव पठार में आयोजित वीर मेला को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने राजाराव पठार में देवगुड़ी के विकास के लिए 11 लाख रुपये , शहीद वीर नारायण सिंह की आदम कद प्रतिमा स्थापना और स्मारक निर्माण के लिए 30 लाख रुपये , बूढ़ादेव स्थल विकास और मूर्ति स्थापना के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा की।


इससे पहले मुख्यमंत्री बघेल ने बाबा राजाराव, कंकालिन माता, बूढ़ादेव का पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उनकी शहादत को नमन किया। आदिवासी समाज के पदाधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री का फूलमाला से आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आदिवासियों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास हमारी सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।


52 प्रकार के लघु वनोपजों को खरीदने की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम प्रदेश के किसानों, आदिवासियों का आर्थिक विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। कोदो, कुटकी व रागी को समर्थन मूल्य पर खरीदने की व्यवस्था की गई। पहले सात प्रकार के लघु वनोपज की खरीदी की जाती थी, अब 52 प्रकार के लघु वनोपजों को खरीदने की व्यवस्था की गई है।
मात्र नौ दिन में 13 लाख 86 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी
धान उपार्जन केन्द्रों में किसान बारदाना 25 रूपए प्रति नग की दर से खरीदने का फैसला किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के धान उपार्जन केन्द्रों में मात्र नौ दिनों में ही 13 लाख 86 हजार मीट्रिक टन धान की रिकार्ड खरीदी की गई। इस वर्ष एक करोड़ पॉच लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य है।
हाट बाजार क्लीनिक की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार लाख पचास हजार हेक्टेयर व्यक्तिगत वन अधिकार पट्टा और 19 लाख हेक्टेयर सामुदायिक वन अधिकार पट्टा वितरण किया गया साथ ही उसके उपभोग का अधिकार दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचे , इसके लिए हाट बाजार क्लीनिक योजना शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री सुपोषण योजना के बेहतर क्रियान्वयन से प्रदेश में 32 प्रतिशत कुपोषण में कमी आई है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बघेल को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
