बिलासपुर। आज सुबह करीब 7.45 बजे जोनल स्टेशन के यार्ड में स्थित कटनी मिडिल लाइन में एक मालगाड़ी का इंजन बेपटरी हो गया। पटरी से उतरते ही इंजन के पहिए जमीन में धंस गए। घटना के बाद जैसे ही हूटर बजा अधिकारी से लेकर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद सभी मौके पर पहुंचे।

जानकारी के मुताबिक बिलासपुर रेलवे जोन के जोनल स्टेशन के यार्ड साइडिंग में इंजन बेपटरी हुआ है। बताया जा रहा है कि ट्रेन अनुपपुर के लिए रवाना हो रही थी, इसी बीच इंजन पटरी से उतर गया। इससे पहले कि बोगियां डिरेल होती, लोको पायलट ने तत्परता दिखाई और तुरंत ही ब्रेक लीवर खींच दिया, जिसकी वजह से सभी बोगियां जहां की तहां रुक गई और एक बड़ा हादसा होते होते टल गया।

हादसे से लाइन नंबर-10 प्रभावित

हादसे से लाइन नंबर-10 प्रभावित हो हई है। ट्रेन अनुपपुर की ओर जा रही थी। इस बीच ट्रेन इंजन के बेपटरी होने से हादसे का शिकार हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर रेलवे के अधिकारी पहुंच गए हैं। बेपटरी होने की वजह क्या थी, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है, फिलहाल अफसरों की टीम जांच कर रही है।