• जीएडी ने राजपत्र में प्रकाशित करने भेजा

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने शिक्षकों को नए साल का तोहफा देते हुए प्रमोशन को आज हरी झंडी दे दी। सरकार के इस फैसले के बाद 30 हजार से ज्यादा सहायक शिक्षकों की पदोन्नति होगी। अधिकारिक सूत्रों के अनुसार विधि विभाग ने स्कूल शिक्षा विभाग की प्रमोशन की फाइल को अपनी मंजूरी दे दी है। जिससे शिक्षकों की पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया है।

वित्त विभाग से फाइल पहले ही ओके हो गई थी। स्कूल शिक्षा विभाग ने सहायक शिक्षकों को नए साल का तोहफा देने के लिए विधि विभाग से इसे सामान्य प्रशासन विभाग को भेज दी है। अब राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ ही शिक्षकों के प्रमोशन का रास्ता साफ हो गया। राजपत्र में प्रकाशन की अब औपचारितकता रह गई है।

ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री बघेल से मुलाकात के बाद सहायक शिक्षकों की हड़ताल खत्म, आज से स्कूलों में फिर से शुरू होगी पढ़ाई

क्या कहता है नियम?

कोई विभाग अगर किसी आदेश को राजपत्र में प्रकाशन के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भेजता है मतलब उसे फाइनल आदेश माना जाता है। स्कूल शिक्षा विभाग के अफसरों ने को बताया कि अब सहायक शिक्षकों का पदोन्नति आदेश जारी किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कैबिनेट ने शिक्षकों की पदोन्नति को मंजूर करते हुए उन्हें वन टाइम पदोन्नति देने का निर्णय लिया था। स्कूलों में शिक्षकों को इसका लाभ मिलेगा।