रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं में चाकू और पिस्टल रखने के बढ़ते क्रेज को देखते हुए रायपुर पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में शनिवार को पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक को फिल्मी अंदाज डॉन बनना महंगा पड़ गया।

जानकारी के मुताबिक ये मामला अभनपुर का है। जहां एक जुलूस में युवक हाथ में पिस्टल लिए डांस कर रहा था और लोगों को दिखाकर रौब झाड़ रहा था। युवक ने खुद को ऐसे प्रचारित किया मानों हाथ में असली पिस्टल हो, जबकि उसके हाथ में पिस्टल वाला लाइटर था। पुलिस के पास भी खबर पहुंची तो फौरन युवक को ढूंढा गया। युवक का नाम भारत मारकण्डे (19) है और अभनपुर बस्ती का रहने वाला है।

क्या कहता है नियम?

पुलिस के मुताबिक पब्लिक प्लेस पर असली लगने जैसे हथियार को दिखाकर लोगों को डराना या धौंस जमाना क्राइम है। इसके लिए कानूनी रूप से लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। पहले भी इस तरह के मामलों में पुलिस लड़कों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में भी युवक को गिरफ्तार कर उसकी नकली पिस्टल को जब्त किया जा चुका है। पुलिस ने युवाओं को इन सब हरकतों से दूर ही रहने की सलाह दी है।