रायपुर। छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद अब एक नई चर्चा शुरू हो गई है। वो है राज्य मंत्रिमंडल में बदलाव की। इस बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी बदलाव का संकेत देकर चर्चा को पुख्ता कर दिया है। दरअसल सोमवार दोपहर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली के लिए रवाना हो रहे थे, जाने से पहले उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर अहम बयान दिया।

उन्होंने कहा कि कल दिल्ली में कुछ महत्वपूर्ण बैठकें हैं। मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर जब उनसे सवाल किया गया तब मुख्यमंत्री ने इंकार नहीं किया। वो बोले कि अब हाईकमान से अपॉइंटमेंट मिले तो बात होगी। इससे पहले भी बीते शुक्रवार को सीएम भूपेश बघेल ने कहा था कि यदि हाईकमान चाहेगा, तो मंत्रिमंडल में बदलाव होगा।

ये भी पढ़ें: वैट में कटौती भूपेश मंत्रिमंडल द्वारा जनता को बड़ी राहत – कांग्रेस

यूपी भी जाएंगे सीएम बघेल

जानकारी के मुताबिक दिल्ली के बाद भूपेश बघेल दो दिनों के लिए यूपी भी जाएंगे। वहां लखनऊ और लखीमपुर खीरी में भी उनका दौरा कार्यक्रम तय है। इस दौरान सीएम चुनावी गतिविधियों में भी शामिल हो सकते हैं।

रमन की धमकी पर बोले सीएम

इसके अलावा निकाय चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व सीएम रमन सिंह के बयान पर सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा हार के डर से खीज में है, इसलिए रमन सिंह ऐसी बातें कर रहे हैं। रमन सिंह धमकाने लगे हैं, यह उनका असली चेहरा है जो सामने आया है। बता दें कि एक चुनावी सभी को संबोधित करते हुए रमन सिंह ने कहा था कि ‘कलेक्टर एसपी कान खोलकर सुन लो, तीन साल हो गए दो साल बाकी है, तुम्हारा भी हिसाब-किताब लिखा जा रहा है’। जो भाजपा के कार्यकर्ताओं को परेशान करेगा उनका नाम लिखा जा रहा है। उन्होंने कहा था अधिकारी तलवे चाटना बंद करो, तुम्हारा भी हिसाब-किताब समय के साथ होगा।