रायपुर। राजधानी में तुंहर सरकार, तुंहर द्वार शिविर के तहत हर जोन को एक-एक करोड़ रुपये मिलेंगे। नए साल में नगर निगम रायपुर 27 जनवरी से तुंहर सरकार, तुंहर द्वार शिविर शुरू करेगा। रायपुर महापौर एजाज ढेबर ने हर जोन के विकास कार्य के लिए एक-एक करोड़ रुपये देने का निर्णय लिया है। बता दें कि पिछले साल शिविर के जरिए 44 हजार से ज्यादा लोगों को सीधा-सीधा फायदा मिला था। इस बार भी निगम मुख्यालय से बस में सवार होकर शहरी सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारी शिविर में पहुंचकर आमजनों की समस्याएं सुनकर त्वरित निदान करेंगे।

इस दौरान स्वास्थ्य एवं सफाई व्यवस्था, जलप्रदाय और निजी नल कनेक्शन, पावर पंप और नई पाइपलाइन विस्तार कार्य, विद्युत व्यवस्था स्ट्रीट लाइट वगैरह से जुड़े काम नगर निवेश, लोककर्म विभाग, राजस्व विभाग, खाद्य विभाग राशन कार्ड, एनयूएलएम व्यवसाय के ऋण संबंधी कार्य, श्रम विभाग श्रमिक पंजीयन कार्य, नामांतरण प्रकरण से संबंधित कार्य आदि का शिविर लगाया जाएगा।