Omicron variant has spread to 30 countries in 9 days
  • 16 से अधिक लोगों की जानकारी अब तक नहीं मिल रही

रायपुर। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के अलर्ट के बीच 211 नए विदेशी यात्री पहुंचे हैं। इसकी सूची केंद्र सरकार ने राज्य को उपलब्ध कराई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पहले 239 विदेश से लौटे यात्रियों की सूची मिली थी। इसमें दो कोरोना पाजिटिव आए थे। लेकिन इनमें ओमिक्रॉन की पुष्टि नहीं हुई है।

रायपुर में 26 नए विदेशी यात्रियों की सूची मिली, जिनकी जानकारी खंगाली जा रही है। इससे पहले रायपुर में 76 विदेशी यात्रियों की जांच रिपोर्ट भेजी गई थी। सभी निगेटिव आए हैं। अब तक राजधानी में 177 विदेशी यात्री आए हैं। इसमें से करीब 16 से अधिक लोगों की जानकारी अब तक नहीं मिल पाई है।

राज्य कोरोना नियंत्रण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष पांडेय ने बताया कि प्रदेश में अब तक ओमिक्रॉन वायरस के मामले नहीं आए हैं। केंद्र सरकार द्वारा विदेश से लौटे यात्रियों की सूची मिलने के बाद उसे तुंरत जिलों को भेजे जा रहे हैं। जहां से उन्हें ट्रेक कर होम आइसोलेशन, जांच जैसी प्रक्रियाएं की जा रही है। यदि कोई यात्री विदेश से लौटा हो तो उसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराएं।

पांच फीसदी सैंपल हर रोज भेज रहे बाहर

विभाग के मुताबिक कोरोना के नए वैरिएंट का पता लगाने के लिए प्रदेश में पाजिटिव केस के पांच फीसदी सैंपल जीनोम सिक्वेसिंग जांच के लिए विशाखापट्टनम भेजे जा रहे हैं। अब तक 3000 से अधिक सैंपल जीनोम सिक्वेसिंग के लिए भेजे गए हैं। इसमें शुरुआती समय में करीब एक हजार डेल्टा वैरिएंट सामने आए थे। वर्तमान में नए वैरिएंट ओमिक्रोन की पुष्टि नहीं हुई है।

चार जिलों में संक्रमण दर शून्य

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना के सर्वाधिक 6 नए मामले कोरबा, जांजगीर-चांपा में 5 और रायगढ़ में 4 नए मामले सामने आए हैं। वहीं रायपुर और दुर्ग जिलों में 2-2 मरीजों का पता चला है। इस समय रायपुर में कोरोना के सबसे अधिक 58 सक्रिय मामले हैं। इस बीच छत्तीसगढ़ में शून्य संक्रमण वाले जिलों की संख्या एक से बढ़कर चार हो गई है। इनमें कोरिया, सूरजपुर, सुकमा और नारायणपुर शामिल है। इन जिलों में पिछले कुछ दिनों से कोरोना का कोई नया मामला नहीं मिला है।

1.79 करोड़ नागरिक लगवा चुके हैं पहला टीका

कोरोना टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रदेश में तेजी से टीकाकरण किया जा रहा है। टीकाकरण के लिए पात्र प्रदेश की आधी आबादी को कोरोना से बचाव के लिए दोनों टीके लगाए जा चुके हैं। प्रदेश में अब तक 99 लाख 67 हजार 184 नागरिकों को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी है। वहीं एक करोड़ 79 लाख 30 हजार 288 लोगों को पहला टीका लगाया जा चुका है। राज्य की 91 प्रतिशत आबादी को पहला टीका लग चुका है। प्रदेश के एक करोड़ 96 लाख 51 हजार नागरिकों को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीका लगाया जाना है। पहली और दूसरी, दोनों खुराकों को मिलाकर प्रदेश में अब तक दो करोड़ 78 लाख 97 हजार 472 टीके लगाए जा चुके हैं।