चंडीगढ़। पंजाब में सियासी घमासान तेज होता जा रहा है। कैप्टन अमरिंदर सिंह आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें उम्मीद जताई जा रही है कि वह नई पार्टी का ऐलान कर सकते हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह के पंजाब के सीएम पद से हटने के बाद से राज्य में सियासी संग्राम मचा हुआ है। अब पंजाब के पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह दीवाली से पहले बड़ा सियासी धमाका करने की तैयारी में हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह आज मीडिया से मुखातिब होंगे। चंडीगढ़ में इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाओं और अटकलों का बाजार गर्म है। सभी की नजरें कैप्टन पर टिकी हुई हैं। सबसे ज्यादा खलबली कांग्रेस खेमे में मची है।
अमरिंदर सिंह ने पिछले सप्ताह कहा था कि वह जल्द ही अपनी नई पार्टी बनाएंगे और अगर तीन कृषि कानूनों को लेकर किसानों के हित में कुछ समाधान निकलता है तो वह भाजपा के साथ 2022 के चुनाव में सीटों के समझौते को लेकर आशान्वित हैं।
यह घटनाक्रम पंजाब विधानसभा चुनाव के कुछ महीने पहले सामने आया है। पिछले महीने राज्य सरकार से बाहर निकलने वाले अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह समान विचारधारा वाले दलों जैसे कि अकाली से अलग हुए समूहों के साथ गठबंधन पर भी विचार कर रहे हैं। दो बार मुख्यमंत्री रहे सिंह ने कहा था कि जब तक वह अपने लोगों और अपने राज्य का भविष्य सुरक्षित नहीं कर लेते, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।
पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह अपने नए राजनीतिक कदम को लेकर समर्थक नेताओं के साथ पिछले कई दिनों से मंथन कर रहे हैं। चर्चा ये भी है कि कैप्टन अमरिंदर के संपर्क में कांग्रेस के कई नेता और विधायक हैं। ऐसे में कैप्टन की नई पार्टी के ऐलान से कांग्रेस में हलचल मची हुई है। 52 साल के सियासी सफर में 79 साल के कैप्टन के लिए ये दूसरा मौका होगा, जब वो अपनी राजनीतिक पार्टी का गठन करेंगे।
jai sir is a dedicated news blogger at The Hind Press, known for his sharp insights and fact-based reporting. With a passion for current affairs and investigative journalism, he covers national, international, sports, science, headlines, political developments, environment, and social issues with clarity and integrity.
