•अलाव की आग से मिल रही ठंड से राहत
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीते दिनों प्रदेश में बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप के चलते जरूरतमंदों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न भागों में बचाव हेतु जनसामान्य के लिए जरुरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। आदेश का पालन करते हुए अब समाज कल्याण विभाग सार्वजनिक जगहों विशेषकर चौक-चौराहों, रेल्वे स्टेशन, बस स्टैंड, यात्री प्रतीक्षालय आदि में रात के समय अलाव की व्यवस्था कर रहे हैं। जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सके।

इसके साथ ही स्वयंसेवी, समाजसेवी संस्थाओं, दान-दाताओं की मदद से बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को गर्म कपड़े और कंबल आदि बांटा जा रहा है। रैन बसेरा, वृद्धाश्रम और आश्रय गृहों में भी बुजुर्गो, दिव्यांगों और बच्चों को ठंड से बचाने स्वेटर, शॉल, मंकी कैप, मफ्लर, मोजे, कंबल प्रदान करने के साथ हीटर और कमरों को ठंड से सुरक्षित बनाने के अलावा अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है। सार्वजनिक जगहों में जरूरतमंद बेसहारा, विक्षिप्त लोगों को कंबल और गर्म कपड़े बांटे जा रहे है।

बता दें कि बीते दिनों बिलासपुर के रतनपुर बाइपास रोड में एक बुजुर्ग की ठंड से मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि रतनपुर बाइपास रोड में करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग ठंड से कांप रहा था। उसे खुले आसमान के नीचे देखकर राहगीरों ने इलाज के लिए रतनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां, उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सिमस् अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। यह छत्तीसगढ़ में ठंड से मौत का पहला मामला है।