रायपुर। झीरम मामले की जांच रिपोर्ट को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़ा ऐलान किया है। राज्य सरकार ने झीरम मामले में नई जांच समिति का गठन कर दिया है। इसके लिए आदेश भी जारी कर दिया गया है।

आदेश के मुताबिक इस मामले की जांच के लिए दो सदस्यों को न्यायिक जांच आयोग में नियुक्त किया गया है। जिसके अध्यक्ष उच्च न्यायलय के पूर्व न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति श्री सतीश के. अग्निहोत्री होंगे। साथ ही सदस्य के रूप में पूर्व न्यायाधीश उच्च न्यायालय, श्री जी. मिन्हाजुद्दीन को नियुक्त किया गया है। आदेश के मुताबिक इस विषय में 6 माह के भीतर राज्य शासन को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

सीएम ने कहा था जल्द फैसला होगा

बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने झीरम की जांच रिपोट्र को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि आयोग का कार्यकाल पूरा हो चुका था। उन्होंने बताया था कि रिपोर्ट अभी अधूरी है। ऐसे में उस पर विचार कर निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा था कि बहुत जल्द इसका फैसला हो जाएगा।

राज्यपाल को सौंपी गई है रिपोर्ट

सीएम ने कहा था कि आयोग ने सितंबर में जांच को अधूरा बताते हुए कार्यकाल बढ़ाने का आग्रह किया था। उसी बीच न्यायमूर्ति प्रशांत मिश्रा का तबादला आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद पर हो गया। सरकार अभी विधि विभाग से इस पर अभिमत ले रही थी कि न्यायाधीश के ट्रांसफर के बाद अधूरी जांच को पूरा करने का क्या विकल्प है। इस पर फैसला होने से पहले ही पता चला कि आयोग की रिपोर्ट राज्यपाल को सौंप दी गई।